crobooks.blogspot.com
एक इंटर कॉलेज के प्रिंसपल खमेसर सिंहजी बहुत ही नेक इंसान माने जाते थे। वे बहुत ही धार्मिक व सहृदय इंसान थे। लोगों की सहायता करने के साथ ही वे गरीब छात्रों की हर प्रकार से सहायता करने के लिए सदा तत्पर रहते थे। सुबह चार बजे ही जगकर नहा-धोकर विधिवत पूजापाठ करने के बाद ही वे मुँह में कुछ डालते थे। खाली समय मिलते ही वे कोई न कोई धार्मिक भजन, गीत आदि गुनगुनाते रहते। गाँव-जवार क्या पूरे जिले के सम्मानित व शिक्षित व्यक्तियों में उनका शुमार था। उनका कॉलेज उनके गाँव से लगभग 20-22 किमी दूर एक छोटे से शहर में था पर वे प्रतिदिन घर से मोटरसाइकिल द्वारा ही कॉलेज जाते थे और शाम को वापस लौट आते थे। कॉलेज में प्रधानाचार्य के रहने के लिए
एक छोटा परंतु बहुत ही व्यवस्थित आवास था पर खमेसरजी को बिना गाँव आए चैन ही नहीं मिलता और इसलिए उन्होंने उस आवास को किसी और अध्यापक को रहने के लिए दे दिया था।
एक छोटा परंतु बहुत ही व्यवस्थित आवास था पर खमेसरजी को बिना गाँव आए चैन ही नहीं मिलता और इसलिए उन्होंने उस आवास को किसी और अध्यापक को रहने के लिए दे दिया था।
खमेसरजी जबतक गाँव आकर गाँव के लोगों से मिल नहीं लेते, हालचाल नहीं पूछ लेते उन्हें चैन ही नहीं मिलता। कॉलेज से आते ही उन्हें गाँव में घूमकर कुछ लोगों को समझाते, खेती-बारी का हालचाल पूछते, न पढ़ने वाले बच्चों को डाँटते देखा जा सकता था। साथ ही रात होते ही उनके दरवाजे पर कुछ बच्चे अपनी किताब-कॉपी लेकर आ जाते और उनसे हिसाब आदि सीखते। खमेसरजी को भी अपने गँवई संसार में बने रहना, बहुत ही अच्छा लगता और वे बच्चों को प्रसन्न मन से पढ़ाते। इतना ही नहीं किसी की तबियत खराब होने पर अगर वह खरबिरउआ दवाई से काम चलाता तो खमेसरजी उसे डाँटते और तुरंत उसे जिला अस्पताल या किसी प्राइवेट अस्पताल पर जाने को कहते। साथ ही अगर वह बीमार आदमी कभी-कभी आलस कर जाता तो रविवार या छुट्टी के दिन खमेसरजी खुद उस बीमार को अपनी मोटरसाइकिल पर बिठाकर अस्पताल ले जाते और दवा कराते।
खमेसरजी लोगों से तो बराबर कहा करते कि हमें पूजा-पाठ करते रहना चाहिए, नकारात्मकता से बचना चाहिए। ईश्वर है और वह हम सबका ख्याल रखता है, वही परम पिता है पर साथ ही वे भूत-प्रेत-डाइन-चुड़ैल में एकदम विश्वास नहीं करते और कभी कोई बोल देता की फलाँ को भूत पकड़ा है तो गुस्सा करते कि भूत-उत कुछ नहीं होता, यह सब मन का वहम है और उस कथित भूत पकड़े हुए आदमी को ओझा-सोखा के पास न जाकर डॉक्टर के पास जाने की सलाह देते। उनको लगता कि गँवई लोग बेकार में भूत-प्रेत में उलझे हुए हैं, शायद इसका कारण यह है कि गाँव में शिक्षा की कमी है। इसलिए वे गाँव-जवार में शिक्षा पर बहुत जोर देते और कहा करते कि दुनिया कहाँ से कहाँ पहुंच रही है, हम चाँद पर पहुँच चुके हैं और आप लोगों की मानसिकता अभी भूत-प्रेतों में उलझी हुई है, हमें इससे बाहर आना ही होगा। गाँव-जवार के लोग उनका बहुत ही सम्मान करते इसलिए जब वे कहते कि भूत-प्रेत कुछ नहीं होता तो कुछ लोग उनकी हाँ में हाँ मिला देते या कह देते, ‘प्रिसिपल साहब, रउआँ ठीक कहतानी।’ पर खमेसरजी को भी लगता की अधिकांश लोग उनका मन रखने के लिए उनकी बात मान लेते हैं पर भूत-प्रेतों में पूरी तरह से विश्वास करते हैं। खमेसरजी के काका कवलेसजी तो बराबर खमेसरजी से कहते कि ज्ञानी होने, शिक्षित होने का मतलब यह कत्तई नहीं होता कि सत्य को झुठलाया जाए। अगर भगवान है तो भूत-प्रेत भी हैं और यह सत्य है कि भगवान है। जो जीवित है, वह जीवन है और जो अतीत हो गए हैं, वे ही भूत हैं पर हाँ कुछ भूतों का उद्धार हो जाता है और कुछ अतृप्त होकर भटकते रहते हैं तथा साथ ही जो दुष्ट स्वभाव के होते हैं वे जीवित लोगों को बहुत परेशान भी करते हैं। खमेसरजी अपने काका की बात तो सुन लेते पर कोई जवाब न देते हुए हँसकर रह जाते। जब खमेसरजी हँसते तो उनके काका कवलेसजी कहते कि आज तुम्हें मेरी बातों पर हँसी आ रही है पर एक न एक दिन तुम्हें भी भूतों का एहसास हो ही जाएगा। इसके साथ ही कभी-कभी खमेसरजी के काका कवलेसजी उन्हें अपने साथ घटी कोई भूतही घटना भी सुना देते।
एकबार अपने काका कवलेसजी की एक भूतही घटना को सुनकर खमेसरजी बहुत ही हँसे थे और फिर उनके काका ने उन्हें गुस्से में एक ऐसी जगह पर भेजा जहाँ उन्हें लगता था कि वहाँ कोई आत्मा, शक्ति रहती है। पहले मैं वह घटना सुना रहा हूँ जिसे सुनकर खमेसरजी खूब हँसे थे और फिर वह वृतांत बताऊँगा कि कवलेसजी ने खमेसरजी को कहाँ भेजा था और खमेसरजी के साथ क्या हुआ था, क्या खमेसरजी को भूत-प्रेत में विश्वास करना पड़ा? ‘कवलेसजी ने एकदिन खमेसरजी से कहा कि एकबार की बात है कि मैं और करिमन काका तरकुलवाँ से बाजार करके वापस घर आ रहे थे। काफी रात हो चुकी थी पर आकाश में चांद अपने यौवन पर प्रकाशित था और उसकी चाँदनी जमीन पर आकर पसरी हुई थी यानी भोजपुरी में कहूँ तो टहा-टह अँजोरिया (खूब ऊँजाला) उगी हुई थी। मैं (कवलेसजी) साइकिल चला रहा था और करिमन काका साइकिल के पीछे कैरियर पर बैठे हुए थे। साइकिल के हैंडल में 3-4 झोरे टंगे हुए थे, जिनमें तरकारी, दाल, किराना का समान मसाला आदि था। मैं उस चाँदनी रात में खुरहुरिया रास्ते से तेजी से साइकिल चलाते हुए घर की ओर बढ़ रहा था। जब मैं कंचनपुर और अपने गाँव के बीच बगीचे से होकर गुजरने की कगार पर था तभी अचानक पता नहीं क्या हुआ कि साइकिल से हम दोनों पूरी तरह से गिर पड़े और वहीं बगीचे के किनारे एक खेत में जो लगभग रास्ते से 10 मीटर दूर था और हाल ही में पटाया (पानी से भरा – सिंचाई किया हुआ) गया था, उसमें जा गिरे। साइकिल भी हम लोगों से 5-6 मीटर दूर चली गई। अच्छा हुआ कि खेत में पानी था जिसके कारण हम लोगों को चोट नहीं आई पर हम लोग पूरी तरह से गीली माटी से सराबोर हो गए थे। झोरे के सारे सामान गीली मिट्टी आदि में मिल चुके थे। मैं स्तब्ध था कि आखिर न कुछ फिसलन थी और न ही साइकिल पर मेरा नियंत्रण ही छूटा था फिर इतनी दूर कैसे पहुँच गए? खैर मैं उठा और करीमन काका को भी उठाया फिर साइकिल के पास आकर उसे खड़ी किया। इसके बाद वहीं नाली में जो थोड़ा-बहुत पानी था उसमें अपने आप को धोया। फिर मैं क्या देखता हूँ कि करिमन काका धीरे-धीरे मुस्कुरा रहे हैं और चुनौटी निकालकर सुर्ती (तंबाकू) बना रहे हैं। फिर मुझे अचंभा हुआ कि करिमन काका ने सुर्ती तो बनाया पर खाया नहीं और कुछ बुदबुदाते हुए सुर्ती वहीं गिरा (चढ़ा) दिया। फिर मेरा माथा ठनका और सारी बात मुझे समझ में आ गई। दरअसल हम लोगों के साइकिल पर से गिरने से पहले करिमन काका पीछे बैठकर मुझसे बात करते हुए ही चुनौटी निकालकर सुर्ती बनाए थे और बात ही बात में वे उस सुर्ती में से कुछ भाग चढ़ाए बिना ही खा गए थे और इसलिए उस बगीचे के एक भूत ने हम दोनों को साइकिल सहित ही उठाकर फेंक दिया था।’ जी हाँ अपने काका कवलेसजी की यही घटना सुनकर खमेसरजी खूब हँसे थे और बार-बार कह रहे थे कि आपको भूत-उत ने नहीं फेंका, चूँकि आपकी रफ्तार बहुत तेज थी और इसलिए अनकंट्रोल होकर साइकिल फिसल गई और आप लोग दूर खेतों में चले गए। खमेसरजी के इसी तर्क से कवलेसजी को गुस्सा आ गया था, क्योंकि उनका कहना था कि गिरते तो वहीं आस-पास में गिरना चाहिए था, हम लोग 10-12 मीटर दूर कैसे चले गए?
खैर अब आइए, वह वृतांत सुनाता हूँ जिसमें इस घटना पर खमेसरजी के हँसने पर उनके काका कवलेसजी ने उन्हें कहाँ भेजा था और उनके (खमेसरजी के) साथ क्या हुआ था? जब उपरोक्त घटना पर खमेसरजी हँसते ही चले जा रहे थे तो उनके काका कवलेसजी ने गुस्से में कहा कि अगर तुमको मेरी बात पर यकीन नहीं होता और तुम मानते हो कि भूत-प्रेत, अदृश्य शक्तियाँ नहीं होतीं, ये केवल मन के वहम हैं तो एक दिन रात में फलाँ (जिसकी जानकारी पहले से हो) पेड़ से कुछ पत्तियाँ तोड़कर ला दो। अपने काका कवलेसजी की चुनौती को स्वीकार करते हुए उसी रात लगभग 10 बजे, जब गाँव-घर में सभी लोग खा-पीकर निद्रा माँ की गोद में समा गए थे और कुत्तों ने भी अपने भौं-भौं पर लगाम लगाते हुए इधर-उधर, किसी की घारी (मड़ई) में तो किसी के भुसौले में तो कोई-कोई किसी के खाट के नीचे पनाह ले लिए थे तो खमेसरजी निकले। उनके हाथ में दुसेल्हिया (दो सेल वाली) बैटरी (टार्च) और एक लाठी थी। वे अंधेरे में धीरे-धीरे गाँव के बाहर निकले और पास की नहर को पार करते हुए एक छोटे से बगीचे में दाखिल हुए। यह बगीचा एक छोटी सी गढ़ही (तालाब) के किनारे था और इसमें मुश्किल से 8-10 पेड़ ही थे, पर आस-पास में बँसवारी (बाँसों का थान) भी थी। खमेसरजी निडर मन से आगे बढ़ें और बीच में एक जंगली पौधे से कुछ पत्ते तोड़ने ही वाले थे कि अचानक बगीचे में आँधी जैसा उठा और पेड़ों की डालियाँ आपस में टकराते हुए डरावनी आवाज करने लगीं। पर खमेसरजी तो एकदम ही निडर थे, और आगे बढ़े और लपककर उस पेड़ से कुछ पत्ते तोड़ लिए। अरे यह क्या पत्ते तोड़ते ही अचानक उस जंगली पेड़ पर एक लुकारा (प्रकाश) जैसा उठा और खमेसरजी की ओर बढ़ा। अब भी खमेसरजी निडर थे और पीछे की ओर हटकर गाँव की ओर की रास्ते की ओर चले, तभी वह लुकारा तेजी से उनकी तरफ आया और उनसे टकरा गया और वे वहीं गिर गए। अब तो खमेसरजी पूरी तरह से पसीने-पसीने हो गए थे क्योंकि वे ज्योंही उठने की कोशिश करते वह लुकारा उनसे टकरा जाता और वे गिर जाते। उस छोटे से बगीचे का माहौल पूरी तरह से डरावना हो गया था क्योंकि पेड़ों की डालियों की चरमराहट थमने का नाम ही नहीं ले रही थी और उस बगीचे में पनाह लेने वाले पक्षी भी चीं-चूँ शुरू कर दिए थे शायद वे भी भयभीत हो गए थे। अब तो खमेसरजी की बोलती जैसे बंद ही हो गई हो, पर फिर भी वे थोड़ी हिम्मत किए और वहीं जमीन पर पड़े ही पड़े मन ही मन हनुमान चालीसा का पाठ करने लगे। धीरे-धीरे डालियों की टकराहट थमती नजर आई और अचानक उनके सामने एक विशालकाय, जगमगाती शरीरवाली शक्ति प्रकट हो गई। उस शक्ति ने कहा कि आज तो तुम्हें हनुमानजी और तुम्हारे पूजा-पाठ ने बचा लिया पर ऐसी गुस्ताखी फिर मत करना। जी हाँ, वे नेटुआबीर बाबा थे, जो उस जंगली पेड़ पर रहते थे।
अचानक तभी खमेसरजी क्या देखते हैं कि उनके काका कवलेसजी भी वहाँ पहुँच चुके हैं और उन्हें उठने में मदद कर रहे हैं। पसीने से पूरे भीगे हुए खमेसरजी ने पूछा कि काका आप कब आए तो कवलेसजी ने कहा कि तूँ घर से ज्यों निकला चुपके से मैं भी पीछे हो लिया था कि तुम्हारे साथ कोई अनहोनी न घट जाए, कुछ बुरा न हो जाए। फिर कवलेसजी ने अनुनय-विनय के रूप से हाथ जोड़कर नेटुआबीर बाबा को प्रणाम किया और खमेसरजी का हाथ पकड़कर बैटरी दिखाते हुए घर की ओर चले। घर आने के बाद भी 2-3 दिन तक खमेसरजी की तबियत अच्छी नहीं थी, कभी-कभी वे अक-बक बोलने लगते थे और बुखार से उनकी शरीर तपने लगती थी। एक दिन सुबह-सुबह कवलेसजी ने नेटुआबीर बाबा के थान पर आकर जेवनार (खीर) चढ़ाया और अपने भाँजे की गलती के लिए क्षमा माँगी। यह कहानी तो यहीं समाप्त होती है पर अगली कहानी में बताऊँगा कि नेटुआबीर बाबा कौन थे, वे प्रेत योनि में कैसे आए और साथ ही उनसे जुड़ी कुछ और घटनाएँ जो मैंने अपने गाँव वालों से सुन रखी है।
जय बजरंग बली। जय-जय नेटुआबीर बाबा।





कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें