शुक्रवार, 25 सितंबर 2015

।।जय बजरंग बली।।
भोजपुरी में एक कहावत है कि भाग्यशाली का हल भूत हाँकता है (भगीमाने के हर भूत हाँकेला)। खैर यह तो एक कहावत है पर अगर कभी ऐसा हो जाए कि कोई प्रेत 24सों घंटा आपकी सेवा में हाजिर हो जाए तो आपको कैसा लगेगा? अगर आप किसी ऐसे बिगड़ैल, भयानक प्रेत को डाँटकर अपना काम कराएँ जिसे देखकर अच्छे-अच्छों की धोती गीली हो जाए तो इससे आश्चर्य की बात और क्या हो सकती है। पर हाँ यह कहानी कुछ ऐसी ही है। एक किसान कैसे एक प्रेत को अपने बस में करके अपना बहुत सारा काम कराता था, कैसे कभी-कभी वह प्रेत अपने प्राणों की भीख माँगते हुए गिड़गिड़ाता था। आखिर यह प्रेत उस किसान के चंगुल में फँसा कैसे? क्या उसकी कोई मजबूरी थी या किसान ने कोई तंत्र-मंत्र करके उसे अपने बस में कर लिया था? खैर इन सब रहस्यमयी बातों से परदा उठाने के लिए सीधे कहानी पर ही आ जाते हैं।
बात तब की है जब रमेसर काका गबड़ू जवान थे। रमेसर काका के पिताजी एक छोटे-मोटे किसान थे और खेती-किसानी के लिए एक जोड़ी बैल हमेशा रखते थे। उनका मानना था कि अगर खेती अच्छी करनी है तो एक जोड़ी अच्छे बैल हमेशा दरवाजे पर होने ही चाहिए।  उस समय रमेसर काका भी खेती-बारी के साथ ही कुछ और छोटे-मोटे कामों में अपने पिताजी की मदद करते रहते थे। ऊँखीबवगा (ऊँख बुआई) से लेकर बियाड़ (धान के बीज का खेत) बनाने तक, कोल्हुआड़ में गन्ने की पेराई से लेकर गुलवर झोंकाई तक, हर काम रमेकर काका बखूबी करते थे।
एक बार की बात है कि रमेसर काका को अपने टायर (बैलगाड़ी) पर भूसा लादकर अपने एक बहनोई के वहाँ पहुँचाना था। दरअसल उनके बहनोई का गाँव एक नदी के खलार में पड़ता था जिससे वहाँ धान, गेहूँ आदि नहीं हो पाता था, जिसके चलते पशुओं को चारे के लाले पड़ जाते थे। इसलिए हर साल रमेसर काका अपनी बैलगाड़ी पर भूसा, पुआल आदि लादकर इनके यहाँ पहुँचा दिया करते थे। दिन ढल चुका था और बैलगाड़ी पर भूसा भी लद चुका था। रमेसर काका नहा-धोकर शाम को लगभग सात बजे बैलगाड़ी लेकर निकले। उन्हें अपने बहनोई के वहाँ जाने में लगभग पूरी रात का समय लगता था और सुबह 4-5 बजे पहुँचते थे। उन्होंने एक बाल्टी, एक लोटा और एक डोर अपने पास रख ली थी तथा साथ ही बैलों को खाने के लिए एक झोली में गेड़ की छाँटी भी।
रमेसर काका के बैल बहुत ही समझदार थे, जब वे एक बार रास्ते पर चल पड़ते थे तो गड़ुआन को काफी आराम मिलता था क्योंकि ये बैल बिना हाँके बराबर चलते ही रहते थे। इससे रमेसर काका को बार-बार न बैलों को हाँकना पड़ता था और ना ही सामने से किसी गाड़ी आदि के आने पर साइड ही करना पड़ता था, क्योंकि आगे से किसी गाड़ी आदि के आने पर बैल खुद ही किनरिया जाते थे। इतना ही नहीं रमेसर काका कभी-कभी बैलगाड़ी पर झपकी भी ले लेते थे और बैल आराम से अपने मार्ग पर बढ़े चले जाते थे।
रमेसर काका को घर से निकले लगभग 3-4 घंटे हो चुके थे। रात के 10-11 बज चुके थे और अब वे जिस कच्चे खुरहुरिया रास्ते से जा रहे थे वह रास्ता पूरी तरह से सूना हो गया था। दूर-दूर तक कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। रात भी अंधेरे में पूरी तरह गहरी नींद में सोने के लिए व्याकुल हो उठी थी। दूर-दूर तक सन्नाटा और उस रास्ते के किनारे उगे हुए बड़े-बड़े घास-फूस और कुछ छोटे-बड़े पेड़ों के सिवा कुछ भी नहीं था। खैर इससे रमेसर काका को क्या फर्क पड़ता था, उन्हें तो इससे भी अँधियारी रात में दूर-दूर तक यहाँ तक की बिहड़ इलाकों से होकर भी जाने की आदत थी। बैलों की रफ्तार अब थोड़ी धीमी हो चुकी थी पर वे रूकने वाले नहीं थे, बढ़े चले जा रहे थे अपने मार्ग पर।
बैलगाड़ी धीरे-धीरे आगे बढ़ रही थी और रमेसर काका कमर को थोड़ा आराम देने के लिए घिकुरकर झपकी लेना शुरू कर दिए थे। रात के उस सन्नाटे को चीरती बैलों के गलों में बंधी घंटिया बहुत ही मनोहारी ध्वनि उत्पन्न कर रही थीं। उस अंधेरी आधी रात में यह सुमधुर ध्वनि किसी को भी नींद की गोद में भेजने के लिए पर्याप्त थी। अचानक पता नहीं क्या हुआ कि बैल ठिठककर रूक गए। बैलों के ठिठककर रूकने से रमेसर काका हड़बड़ाकर उठ बैठे। अंधेरे में उन्हें कुछ दिखाई नहीं दिया। उन्होंने एक बैल की पूँछ पकड़कर जोर से एक आवाज निकाली पर बैल फिर से दो कदम चलकर रूके ही नहीं रुककर थोड़ा पीछे भी हट गए जिससे बैलगाड़ी का संतुलन थोड़ा बिगड़ गया। रमेसर काका किसी अनहोनी की आशंका से तुरत कूदकर बैलों के पास आगे आ गए और बैलों के शरीर पर हाथ फेरते हुए चुचकारने लगे। अब बैल भी थोड़ा शांत होकर खड़े हो गए। इसके बाद रमेसर काका उस रास्ते पर आगे की ओर नजर दौड़ाई पर उस धुत्त अंधेरे में उन्हें कुछ दिखाई नहीं दिया पर हाँ ऐसा जरूर लगा कि आगे शायद कुछ लोग हो-हल्ला कर रहे हैं। उन्हें समझते देर नहीं लगी कि आगे क्या माजरा है।
रमेसर काका को रात-बिरात ऐसी परिस्थितियों से बराबर सामना हो जाता था। दरअसल आगे भूत-प्रेतों का जमावड़ा था और वे इस अंधेरी रात में खेल खेलने में मस्त थे। खैर रमेसर काका वहीं बैलों के पास ही रूककर आगे का जायजा लेने लगे और मन ही मन इन भूत-प्रेतों को कोस रहे थे कि इन्हें खेलना ही है तो थोड़ा रास्ता छोड़कर खेलते। वे वहीं रूककर इंतजार करने लगे कि भूत-प्रेतों का खेल जल्द से जल्द बंद हो और वे आगे बढ़ें पर 10-15 मिनट तक इंतजार करने के बाद भी भूत-प्रेत रास्ते से हटने का नाम नहीं ले रहे थे और बैल भी अब कितना भी हाँकने पर आगे बढ़ने का नाम नहीं ले रहे थे।
रमेसर काका तो पूरी तरह से निडर स्वभाव के थे। उन्हें काहे का डर। और हाँ उनके साथ में दो बैल भी तो थे और उन्हें पता था कि अगर बैल थोड़ा हिम्मत दिखाएँगे तो ये भूत-प्रेत उनका कुछ नहीं बिगाड़ पाएंगे। उनके दिमाग में एक विचार आया। वे अब बिना देरी किए बैलों के पगहों को पकड़कर बैलों के आगे-आगे चलने लगे और अब बैल भी उन्हें अपने आगे-आगे चलता देख धीरे-धीरे उनके पीछे हो लिए। भूत-प्रेतों के पास पहुँचते ही एक अजीब घटना घटी। वे सारे भूत-प्रेत अब अजीब-अजीब डरावनी आवाजें निकालने लगे। बैल थोड़े सहम से गए थे पर रमेकर काका ने हिम्मत न हारते हुए बैलों को चुचकारते हुए उन्हें आगे खींचने की कोशिश करते रहे। जब रमेसर काका थोड़ा आगे बढ़ते तो भूत-प्रेत भी थोड़ा आगे बढ़ जाते पर रास्ते से हटते नहीं और फिर से भयंकर-भयंकर रूप बनाकर डरावनी आवाजें करते। अब रमेसर काका ने ताल थोंकते हुए उन भूत-प्रेतों को चुनौती दे डाली। उन्होंने कहा कि हिम्मत है तो आगे बढ़ों, पीछे क्यों घिसक रहे हो। एक बड़ा भयंकर प्रेत ने भयानक आवाज करते हुए एकदम से रमेसर काका के पास ही आ गया। रमेसर काका तो पहले से ही पूरी तरह से सतर्क थे, उन्होंने बिना देरी किए एक जोर का लात उस प्रेत को दे मारा और मार पड़ते ही वह प्रेत तिलमिलाकर थोड़ा दूर हट गया। अब कुछ भूत-प्रेत उस मार्ग के थोड़े किनारे हो गए थे और थोड़े डर-सहम गए तो थे पर अब और भी गुस्सैल लग रहे थे।
अब रमेसर काका की बुद्धि भी काम नहीं कर पा रही थी क्योंकि अब तो बैल एकदम से आगे बढ़ने का नाम नहीं ले रहे थे और इस भयावह अंधेरी रात में इस समय अब किसी व्यक्ति के उस रास्ते से आने-जाने की कोई उम्मीद भी नहीं थी और रमेसर काका सुबह तक का इंतजार भी नहीं करना चाहते थे। रमेसर काका को एक तरकीब सूझी उन्होंने मन ही मन हनुमानजी का नाम लिया और कड़ककर बोले। तुम इतने सारे और मै अकेला, अगर हिम्मत है तो एक-एक करके आओ। तुम सबको देखता हूँ, यह कहते हुए रमेसर काका ठहाका मार कर हँसे और ताली ठोंकने लगे। रमेसर काका का यह रूप देखकर भूतों को लगा कि यह तो उनका मजाक उड़ा रहा है। अचानक वही भयानक प्रेत जिसे रमेसर काका ने एक लात मारा था, आगे बढ़ा। आगे बढ़कर उसने अपने दोस्त भूत-प्रेतों से कहा कि तुम लोग अब तमाशा देखो। कोई भी आगे न बढ़ें, मैं इससे लड़ने के लिए तैयार हूँ। रमेसर काका उसकी बात सुनकर थोड़े सहमे पर हिम्मत नहीं हारी, क्योंकि उन्होंने कितने सारे प्रेतों से टक्कर ली थी और सबको धूल चटाया था।
इसके बाद रमेसर काका ने वहाँ खड़े सभी भूत-प्रेतों से कहना शुरू किया कि आप लोगों की यही बात मुझे सबसे अच्छी लगती है कि आप लोग जो जबान देते हो उस पर सदा कायम रहते हो। मुझे पूरा यकीन है कि आप में से कोई भी बीच में नहीं आएगा और कौन जीता और कौन हारा इसका भी सही-सही फैसला करेगा। इसके बाद रमेसर काका उस चुनौती स्वीकारने वाले भूत की ओर देखकर बोले कि अगर मैं हार गया तो तूँ जो भी बोलेगा वह मैं करूँगा, सदा के लिए तेरा दास हो जाऊँगा। अब उस भूत से न रहा गया उसने भी ताल ठोंकी और तड़पा, मुझे मंजूर है और अगर मैं भी हार गया तो सदा के लिए तेरा दास हो जाऊँगा। इसके बाद तो बिना देर किए रमेसर काका और उस प्रेत में पटका-पटकी शुरू हो गई। कभी रमेसर काका ऊपर तो कभी वह प्रेत। 10 मिनट तक लड़ते-लड़ते दोनों थकने लगे थे पर एक दूसरे में गुथम-गुत्थी जारी थी।
अब रमेसर काका को लगने लगा था कि कहीं वे कमजोर न पड़ जाएँ पर उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और लड़ते-लड़ते धीरे-धीरे पास खड़े बैलों की ओर बढ़ने लगे। अरे यह क्या यह तो रमेसर काका की एक चाल थी जो उस आत्मा पर भारी पड़ चुकी थी, दरअसल लड़ते-लड़ते दोनों बैलों के बीच में आते ही पता नहीं बैलों को क्या हुआ कि वे अपनी जगह पर ही रहकर इधर-उधर अपना पैर पटकते-पटकते अभी वह प्रेत कुछ समझ पाता उससे पहले ही उसे लहुलुहान कर दिए। दरअसल वे दोनों बैल केवल उस प्रेत को ही निशाना बना रहे थे और अपने पैरों से मार-मारकर, कुचल-कुचलकर उसे अधमरा कर दिए। अब क्या उस प्रेत के कमजोर पड़ते ही रमेसर काका उस प्रेत को दोनों बैलों के बीच से खींचकर बाहर लाए और उसे लिटाकर उसके सीने पर बैठ गए। भूत-प्रेतों ने ही रमेसर काका के जीत की घोषणा की। अब वह प्रेत रमेसर काका का दास बन चुका था। रमेसर काका के जीवन में यह शायद ऐसी घटना थी जो शायद उस समय के किसी भी इंसान के जीवन में न घटी हो और ना ही भविष्य में घटे। रमेसर काका बहुत खुश थे पर पसीने से पूरी तरह भींग गए थे। उन्होंने गमछे से अपना पसीना पोछा और उस प्रेत से कहे कि अब हमारे बैलगाड़ी के आगे-आगे चल। अब वह प्रेत करे भी तो क्या, जबान दे चुका था और अपने जबान को तोड़ नहीं सकता था।
कुछ दूर चलने के बाद रमेसर काका को लगा कि अगर ऐसे चलते रहे तो कल दिन में 10-11 बजे तक भी बहनोई के गाँव नहीं पहुँच पाएँगे। उनको एक तरकीब सूझी। उन्होंने बैलगाड़ी के आगे चलते प्रेत को हाँक लगाई और उसे अपने पास बुलाया। अपने पास बुलाने के बाद उन्होंने उस प्रेत से कहा कि तेरी वजह से मैं काफी लेट हो चुका हूँ। अब एक ही उपाय है कि तूँ इस बैलगाड़ी में जुड़ और इसे खींचकर ले चल। अब प्रेत करे भी तो क्या। रमेसर काका ने बैलों को खोलकर उन्हें बैलगाड़ी के पीछे बाँध दिया और उस प्रेत को बैलगाड़ी में जोत दिए। फिर वह प्रेत बैलगाड़ी को लेकर बढ़ा। जब भी वह प्रेत थोड़ा धीरा होता, रमेसर काका उसकी पीठ पर दो-चार डंडा बजाते और वह तेजी से भागने लगता। भिनसहरे करीब 3-4 बजे ही रमेसर काका अपने बहनोई के घर पहुँच चुके थे। घर के बाहर ही उनके बहनोई का घास-फूस से छाया हुआ एक भुसौला था। रमेसर काका ने अपने बहनोई को जगाना उचित नहीं समझा और उस प्रेत को आदेश देकर सारा भूसा उस भुसौले में रखवा दिया। प्रेत ने लगभग आधे घंटे में सारा भूसा भुसौले में रख दिया था। बैलगाड़ी खाली हो चुकी थी और रमेसर काका बैलों को बहनोई के ही नाँद पर बाँधकर सानी-पानी कर दिए थे और खुद ही वहीं पड़ी एक बँसखटिया पर सो गए थे।
पाँच बजे के करीब जब रमेसर काका के बहनोई जगे तो उन्हें बहुत आश्चर्य हुआ। उन्होंने देखा की रमेसर तो बँसखटिया पर सोया है। यह कब आया और यह भूसा भी उतारकर भुसौले में रख दिया। उनको कुछ भी समझ में नहीं आ रहा था, बस सब चमत्कार जैसा लग रहा था। क्योंकि ऐसा पहले कभी नहीं हुआ था। हर बार रमेसर काका के बहनोई खुद रमेसर काका के साथ मिलकर भूसा उतारकर भुसौले में रखते थे। खैर उनको क्या पता कि यह सब किसी भूत का कमाल है।
रमेसर काका आराम से जगे। पानी-ओनी पिया फिर बैलों को नाद से उकड़ाकर छाँव में बाँध दिया और उसी दिन फिर से रात को खाना-ओना खाकर करीब रात के 11 बजे अपनी बहन के घर से चले। क्योंकि अब उनको पता था कि गाँव पहुँचने में 10-12 घंटे नहीं 5-6 घंटे लगने वाले हैं। जी हाँ फिर से रमेसर काका जब बैलों को जोतकर बैलगाड़ी को लेकर अपने बहनोई के गाँव के बाहर पहुँचे तो सुनसान देखते ही बैलगाड़ी में से बैलों को खोलकर गाड़ी में पीछे बाँध दिए और उस प्रेत को जोता लगाकर गाड़ी में जोत दिए। सुबह-सुबह रमेसर काका अपने गाँव के पास पहुँच गए थे। अब उनको लगने लगा था कि कहीं कोई यह देख न ले कि बैल तो पीछे बँधे हैं और फिर भी बैलगाड़ी तेजी से आगे की ओर बढ़ रही है, इसलिए उन्होंने उस प्रेत को छुड़ाकर बैलों को गाड़ी में जोत दिया था।
बोलिए जय बजरंग बली। रमेसर काका तो अब उस प्रेत से बहुत सारा काम करवाना शुरू कर दिए थे पर सदा ध्यान रखते कि इसकी भनक किसी गाँव वाले को न लगे, नहीं तो सब गुड़-गोबर हो जाएगा। आगे क्या हुआ बताएँगे अगली कहानी में। पर यह कहानी भी अपने आप में पूर्ण हो चुकी है। अगर इसका अगला भाग न भी आकर एक दूसरी कहानी भी आ जाए तो भी ठीक ही है।
काल्पनिकता कभी-कभी सच भी होती है पर मैं तो अभी यही कहूँगा कि इन कहानियों को केवल मनोरंजन के रूप में लें। यह कहानी पूरी तरह से काल्पनिकता पर आधारित है। जय बजरंग crobooks.blogspot.com

गुरुवार, 24 सितंबर 2015

अभी-अभी हाल ही में तो खमेसर आया था इस कस्बे में। ऐसा कस्बा जो धीरे-धीरे शहर का रूप ले रहा था। इधर-उधर, दूर-दूर तक निर्माणाधीन बिल्डिंगें बिखरी पड़ी थीं। कहीं-कहीं, आस-पास में कई सारी बिल्डिंगें बन रही थीं तो कहीं-कहीं एकदम से सन्नाटा पसरा था। दूर-दूर तक एक भी घर नहीं तो किसी-किसी एरिए में एक-आध कच्ची झोपड़ियाँ नजर आ जा रही थीं।
दरअसल खमेसर का बड़ा भाई रमेसर इस कस्बे में दैनिक मजदूरी का काम करता था। उसने ही खमेसर को भी काम के सिलसिले में बुलवाया था। खमेसर बीए पास था और उसके भाई ने उसे बताया था कि इस कस्बे में उसे सुपरवाइजर की नौकरी मिल जाएगी और इसके लिए उसने एक दो लोगों से बात भी की थी।
जून की तपती दोपहरी में खमेसर साइकिल दौड़ाता हुआ भाई द्वारा दिए पते की ओर भागा चला जा रहा था। उबड़-खाबड़ रास्ते पर वह तेजी से साइकिल चला रहा था। वह पसीने से पूरा भींग चुका था। उसने साइकिल धीमी की और पास में दिख रही एक कटरैनी दुकान की ओर बढ़ चला। कटरैनी दुकान पर पहुँच कर उसने दुकानदार को कागज पर लिखा पता दिखाया और दुकानदार के बताए हुए कच्चे रास्ते पर फिर से आगे बढ़ने लगा।
अभी खमेसर थोड़ा ही आगे बढ़ा था कि उसे 8-10 वर्ष का एक लड़का मिला। लड़के ने हाथ दिखाकर खमेसर को रूकने का इशारा किया और कहा कि अंकल, मुझे भी ले चलेंगे क्या? खमेसर रूककर वह पता दिखाया और बताया कि उसे यहाँ पहुँचना जरूरी है। फिर उस लड़के ने कहा कि यह पता उसे पता है और उसे भी उधर ही जाना है। फिर क्या था खमेसर ने उस लड़के को साइकिल पर आगे ही बैठा लिया और उससे कुछ बातें करते हुए आगे बढ़ने लगा। लगभग 5-7 मिनट के बाद लड़के ने खमेसर को एक बन रही बिल्डिंग के तरफ इशारा करते हुए बताया कि यह वही बिल्डिंग है, जिसका पता आप पूछ रहे हैं। फिर लड़के ने कहा कि अंकल पहले आप अपना काम कर लें, फिर मेरा घर थोड़ा और आगे है, वहाँ मुझे छोड़ देना। खमेसर ने हामी भर दी और अपनी साइकिल को उस बन रही बिल्डिंग के तरफ मोड़ दी। बिल्डिंग के पास पहुँचते ही उसे एक आदमी मिल गया जो शायद वाचमैन था। खमेसर ने उस व्यक्ति को वह कागज दिखाया और पूछा कि यह पता यहीं का है ना। वाचमैन ने हाँ करके पूछा कि आपको किससे मिलना है? इसपर खमेसर ने वाचमैन से कहा कि मिसिरजी से। वाचमैन ने कहा कि मिसिरजी तो यहीं थे पर अभी निकल गए। अब वे एक घंटे के बाद ही मिलेंगे। कोई बात नहीं, मैंने फिर से एक घंटे में आ जाऊँगा, जब मिसिरजी आ जाएँ तो आप बता दीजिएगा कि रमेसर का छोटा भाई खमेसर आया था। मैं जरा इस बच्चे को इसके घर पर छोड़कर आता हूँ। वाचमैन ने पूछा कि किस बच्चे को? इस पर खमेसर ने उस 8-10 वर्षीय बच्चे की तरफ इशारा करते हुए कहा कि इसे। वाचमैन को थोड़ा अजीब लगा क्योंकि उसे कोई बच्चा दिखाई नहीं दे रहा था पर उसने बात को टालने के लिए कह दिया कि ठीक है जाओ, पर एक घंटे तक आ जाना, क्योंकि मिसिरजी आने के 2-3 घंटे बाद, फिर यहाँ से निकल जाएँगे। खमेसर हामी भरते हुए साइकिल मोड़ने लगा। अभी भी वाचमैन मुँह सिकोड़ते हुए खमेसर को देखे जा रहा था।
खमेसर बच्चे के बताए हुए रास्ते पर फिर से साइकिल दौड़ने लगा। लगभग 20-25 मिनट साइकिल दौड़ने के बाद वह एक सूनसान इलाके में पहुँचा। इस इलाके की जमीन पूरी तरह से ऊबड़-खाबड़ और जंगली थी। जगह-जगह झाड़िया आदि उगी हुई थीं। कहीं-कहीं कुछ छोटे-बड़े गड्ढे भी थे। खमेसर ने कौतुहल से उस बच्चे से पूछा कि क्या तुम इस इलाके में रहते हो? बच्चे ने हाँ कहते हुए कहा कि हाँ अंकल, मैं इसी इलाके में रहता हूँ। फिर सामने एक खंडहर जैसी जगह की ओर इशारा करते हुए कहा कि अंकल मैं यहीं रहता हूँ। आप मुझे यहीं छोड़ दीजिए, अब मैं चला जाऊँगा। खमेसर के दिमाग में तो मिसिरजी से मिलना है, कहीं देर न हो जाए, यही बात चल रही थी। अस्तु उसने बच्चे से और कुछ पूछे बिना बच्चे को वहीं उतारकर तेजी से साइकिल मोड़कर फिर उसी रास्ते पर वापस साइकिल दौड़ाने लगा।
20-25 मिनट साइकिल दौड़ाने के बाद वह फिर से अपने पते पर आ गया। वाचमैन ने बताया कि मिसिरजी आ गए हैं और इतना कहते हुए वह उसे लेकर उस बन रही बिल्डिंग के अंदर पहुँचा। अंदर मिसिरजी कुछ लोगों से बात कर रहे थे। वाचमैन द्वारा परिचय कराए जाने के बाद खमेसर ने मिसिरजी की पँवलग्गी की। फिर बातचीत हुई और मिसिरजी के यह कहने की बाद की कल से तुम काम पर आ जाना, प्रसन्न मन से खमेसर मिसिरजी का धन्यवाद करते हुए उस बिल्डिंग से बाहर निकल गया। बिल्डिंग से बाहर निकलने के बाद खमेसर काफी शांति महसूस कर रहा था क्योंकि वह लगभग 10-12 दिनों से काम की तलाश में इधर-उधर भाग रहा था। वह साइकिल के पास आकर स्टैंड पर से साइकिल उतारा और उसे डुगराते हुए ही आगे बढ़ने लगा। उसे अब थोड़ी भूख भी सता रही थी क्योंकि लगभग 11-12 बजे का निकला था और अभी तक एक बूँद पानी भी नहीं पिया था।
साइकिल डुगराते-डुगराते वह फिर से उसी कटरैनी दुकान के पास आ गया। कटरैनी दुकान के पास पहुँचकर उसने स्टैंड पर अपनी साइकिल खड़ी कर दी और कुछ खाने के लिए दुकान के अंदर चला गया। दुकान के अंदर पहुँचकर वह एक टूटे स्टूल पर बैठ गया और दुकानदार से एक लड्डू लाने के लिए कहा। दुकानदार कागज में एक लड्डू लपेटकर उसे दिया और साथ ही एक जग पानी और एक शीशे का गिलास भी ले आया। लड्डू खाते-खाते अचानक खमेसर की नजर दुकान में ही एक खंबे से काँटी में लटकी एक फोटो पर पड़ी, जिस पर फूल-माला चढ़ाया गया था। बच्चे की फोटो और उसपर चढ़ी फूलमाला देखकर खमेसर धीरे से दुकानदार से पूछा कि यह आपका लड़का है क्या? दुकानदार ने उदास मन से हामी भरते हुए कहा कि हँ, बाबू! यह मेरा लड़का ही है। अभी इसकी उम्र भी क्या थी। दुनिया भी ठीक से नहीं देख पाया था पर भगवान की मर्जी के आगे किसी की मर्जी नहीं चलती।
दुकानदार की इतनी बातें सुनने के बाद खमेसर धीरे से उठा और उस फोटो के पास पहुँचकर गौर से उसे देखने लगा। फोटो को गौर से देखने के बाद अचानक उसे कुछ याद आया और उसके चेहरे पर घबराहट के साथ ही पसीना भी आ गया। उसके पूरे शरीर में कंपन शुरू हो गई। बिना कुछ बोले वह फिर से अपनी जगह पर बैठ गया। दुकानदार ने खमेसर के गिलास में चाय उढ़लते हुए कहा कि बाबू, सबको जाना है, पर समय से जाना अच्छा लगता है। यह मेरा लड़का बहुत ही होनहार और उपकारी था। सबकी सहायता करता था, यहाँ तक कि अपरिचितों की भी। इस एरिया के सभी लोग इसे बहुत ही चाहते थे। इसे इस नव-निर्माणाधीन इलाके के बारे में पूरा परिचित था। जब भी कोई अनजाना कोई पता पूछता तो यह केवल पता ही नहीं बताता अपितु उस व्यक्ति को उस पते पर छोड़कर आता था। इसकी वजह से सभी लोग इसे बहुत ही प्यार करते थे। लगभग 1 महीने पहले की बात है, एक दिन एक अनगोइयाँ (अनजाना) मेरी दुकान पर आया, उसे उसी जगह पर जाना था, जहाँ से आप आ रहे हैं। मेरा बेटा उस अनगोइएं को लेकर वहाँ पहुँचा। उस दिन उस बिल्डिंग के दूसरे महले पर पैट आदि बाँधने का काम चल रहा था। पता नहीं मेरे बेटे के दिमाग में क्या आया कि वह एक पैट पर चढ़ गया। अभी वह पैट पूरी तरह से बाँधा नहीं गया था। उसका पैर फिसला या पता नहीं क्या हुआ कि वह पैट पर से गिर पड़ा और वहाँ से कुछ लोग उसे लेकर अस्पताल तक पहुँचते तबतक उसके प्राण पखेरू उड़ चले थे। इतना कहने के बाद उस दुकानदार की आँखें डबडबा गईं।
अब खमेसर थोड़ा आराम महसूस कर रहा था पर वह सोच नहीं पा रहा था कि इस दुकानदार को कैसे बताए कि अभी इसी लड़के ने उसे उस पते तक पहुँचाया था। अभी खमेसर कुछ बोले इससे पहले ही वह दुकानदार फिर बोल पड़ा, बाबू, फिर हमने इसे अपने बच्चे को मुर्दहिया पर ले जाकर दफना दिया। दुकानदार ने बातों ही बातों में यह भी बता दिया कि यह मुर्दहिया आप जो पता पूछे थे, उसके थोड़ा दूर आगे ही है। फिर अचानक खमेसर के भी आँसू निकल पड़े और वह रोते हुए दुकानदार से कहा कि काका, यह लड़का आज भी हमें उस पते पर पहुँचाया और फिर इसे मैंने मुर्दहिया पर ले जाकर छोड़ दिया। क्योंकि यह लड़का बता रहा था कि यह वहीं रहता है, पर मैं इसके साथ इसके रहने की जगह पर नहीं गया था।
अब तो वह दुकानदार भी फूट-फूटकर रोने लगा और कहने लगा कि बाबू, जरूर वह मेरा मुन्ना ही होगा क्योंकि कल भी इसने किसी को किसी पते पर पहुँचाया था पर जब उस व्यक्ति ने बताया था तो मैं बोल पड़ा था कि यह नहीं हो सकता। क्योंकि मेरे मुन्ना को गए तो महीनों हो गए हैं पर आज जब आपसे साथ भी यही घटना घटी तो अब मुझे यकीन हो गया है कि वह मेरा मुन्ना ही होगा और वह मुर्दहिया से आकर अपनी इस दुकान के आस-पास ही रहता होगा।
अभी दुकानदार और खमेसर की बात चल ही रही थी कि खमेसर के पते वाला वह वाचमैन भी चाय पीने वहाँ आ गया। उसे देखते ही दुकानदार उसे चाय देने लगा। वाचमैन ने चाय पीते हुए खमेसर से पूछा कि बाबू एक बात बताइए। जब आप मेरे पास गए थे तो मैंने तो किसी को भी आपसे साथ नहीं देखा, फिर भी आप बोल रहे थे कि इस बच्चे को छोड़ने जा रहा हूँ। उस समय मैं कुछ समझ नहीं पाया था। इस पर दुकानदार फिर से रो पड़ा और कहा कि बाचमन बाबू, वह मेरा मुन्ना था और इसलिए शायद आपको दिखाई नहीं दिया। अब वाचमैन को भी सारी बातें क्लियर हो गई थीं, क्योंकि उसने पिछले 15-20 दिनों में कितने अपरिचितों को कहते सुना था कि बच्चे को छोड़कर आ रहा हूँ।
कहानी-कहानी होती है। यह कहानी भी कहानी ही है और वह भी पूरी तरह से काल्पनिक। इसे मनोरंजन के रूप में देखें पर यह कहना कि आत्माएँ नहीं होतीं, यह बात मुझे हजम नहीं होती है। मैं तो बार-बार यही कहता हूँ कि अगर भगवान का अस्तितिव है तो भूत-प्रेतों का क्यों नहीं। शायद कभी विज्ञान पूरी तरह से इस पर से परदा उठा दे और मेरी शंकाओं पर विराम लग जाए। जय बजरंगबली।
crobooks.blogspot.com

बात बहुत ही पुरानी है। उस समय ग्रामीण लोग अधिकतर एक जगह से दूसरी जगह जाने के लिए बैलगाड़ी आदि का उपयोग करते थे। कोई भी शुभ त्योहार हो, या कोई प्रयोजन, बड़ा से बड़ा मेला जगह-जगह लगता था और मेला जाने के लिए लोग लगभग 10-15 दिन पहले से ही तैयारी शुरु कर देते थे। कुछ लोग पैदल ही गोल बनाकर रात को खा-पीकर निकल जाते थे और सुबह होते-होते मेले की जगह पर पहुँच जाते थे। कुछ लोग बैलगाड़ी आदि नाँधकर निकल जाते थे। ये लोग मेला करने कभी-कभी पैदल ही 10-12 कोस तक चले जाते थे और उधर से कुदाल, हँसुआ, हत्था (पानी उचीलने का साधन), कुड़ी (खेतों में सिचाईं के काम आनेवाला बरतन जिसमें
रस्सी बाँधकर कुएँ, तालाब आदि से पानी निकाला जाता है) आदि खेती-किसानी के सामान के साथ ही पहँसुल, लोड़ा आदि भी खरीदते थे और साथ ही ओसौनी के साथ ही बाँस की बनी अन्य चीजें। हर परिवार अपने परिवार के छोटे बच्चों के लिए लकड़ी के बने खिलौने और तिपहिया गाड़ी खरीदना नहीं भूलता था।
ऐसा नहीं है कि मेले आज नहीं लगते पर आज के मेले पर आधुनिकता पूरी तरह से हाबी हो गया है और साथ ही ये पारंपरिकता से बहुत ही दूर हो गए हैं, पर उस समय के मेलों की अपनी खासियत होती थी। लोग कुछ विशेष चीजों को खरीदने के लिए किसी विशेष जगह पर लगने वाले मेले का इंतजार करते थे। भूत की पूरी कहानी शुरू करने से पहले मुझे एक छोटा भूतही रोचक किस्सा याद आ रहा है और उसे यहाँ सुनाना जरूरी समझता हूँ- एक बार मेरे गाँव के कुछ लोग रात को खा-पीकर लाठी, गमछा, सतुआ आदि बाँधकर मेला करने निकल गए। उन्हें लगभग 7-8 कोस दूर जाना था। रात का समयऔर आकाश चाँदनी से चकाचौंध। कुछ खेत सरसों के पीले फूल से लद गए थे और प्रकृति की शोभा में चार चाँद लगा रहे थे। मेरे गाँव के लोग तेजी से घुरहुरिया रास्ते, मेड़ों आदि से होकर तेजी से गाते हुए, बतियाते हुए बढ़े चले जा रहे थे। रास्ते में एक गढ़ई पड़ी, वे लोग गढ़ई पार किए पर क्या देखते हैं कि घूम-फिर कर फिर से ही गढ़ई पर ही आ जाते थे। जब दो-तीन बार उनके साथ यह घटना घटी तो उन लोगों को आभास हुआ कि उन्हें भुलौना भूत ही भुलवा रहा है। दरअसल भुलौना भूत के बारे में ऐसा कहा जाता है कि ये लोग लोगों को नुकसान तो नहीं पहुँचाते पर उन्हें रास्ता भटकाकर परेशान करते हैं। फिर क्या था, तभी उसी गोल के एक बुजुर्ग ने अपनी चुनौटी निकाली, सुर्ती बनाया और जय हो भुलौना बाबा कहकर थोड़ी सी सुर्ती वहीं चढ़ा दी और हनुमानजी का नाम लेकर फिर से आगे बढ़ गए, खैर इसबार उन्हें भुलौना (भटकना) से बच गए थे।
खैर मेला जानेवाले इस गोल की समस्या कम होने का नाम ही नहीं ले रही थी। मेला के रास्ते में एक नदी पड़ती थी पर उसका पाट बहुत ही छोटा था और इन दिनों में इसमें जाँघभर ही पानी हुआ करता था और आसानी से कोई भी गँवई व्यक्ति इसे पार कर सकता था, पर उस दिन जब ये लोग नदी के किनारे पहुँचे तो पाट लगभग 1 मील तक चौड़ा लग रहा था और उस चाँदनी रात में पानी लहरा रहा था। इन लोगों को कुछ समझ में ही नहीं आ रहा था और पास में कोई मल्लाह या नाव भी नजर नहीं आ रही थी। ये लोग नदी से 10 मीटर पहले ही रूककर सुबह होने के इंतजार में वहीं बैठे-बैठे उँधने लगे। खैर सुबह हुई तो इन लोगों को पता चला कि नदी तो अभी 100 मीटर के लगभग दूर है और वैसी ही पतली की पतली दिखाई दे रही है। दरअसल नदी के किनारों के खेतों में सरसों पूरी तरह से फूलकर पसरी हुई थी और हवा बहने पर सरसों के पीले फूल लहराते थे तो इन्हें नदी में पानी का आभास होता था पर यहाँ भी किसी दूसरे भुलौना भूत ने इनके साथ मजाक करके इन्हें भुलवा दिया था। अब इस गोल का हर व्यक्ति सोच रहा था कि अगर रात को ही थोड़ी हिम्मत करके हम लोग आगे बढ़े होते तो पता तो चल जाता कि नदी का पाट न बढ़कर ये सरसों के खेत हैं। खैर उस समय भुलौना भूत ऐसी हरकतें करके लोगों को परेशान करते ही रहते थे तो यह नई बात नहीं थी।
खैर सुबह ये लोग फिर से तेजी के साथ चलना शुरू किए और दोपहर तक एक बड़े बगीचे में पहुँच गए, उस बगीचे से लगभग 1 कोस पर एक दूसरा बड़ा बगीचा (बारी) था जिसमें मेला लगता था। पर ज्योंही वे लोग इस पहले बगीचे में प्रवेश करना शुरू किए, इन्हें बहुत ताजुब हुआ क्योंकि इस बगीचे में भी दुकानें सजना शुरू हो गई थीं। इन लोगों को कुछ समझ में नहीं आ रहा था कि क्या करें। खैर इन्होंने एक दुकानदार से पूछ ही लिया कि क्या इस साल मेला इसी बगीचे में लगने वाला है तो उस दुकानदार ने हाँ में सिर हिलाकर फिर अपने काम में लग गया। खैर इस बगीचे में भी एक छोटा कुआँ था और पास में ही देवी का एक छोटा थान भी। यह बगीचा भी बहुत बड़ा था और लगभग 2-3 कोस की एरिया में फैला था। दिन में भी अंधेरा का पूरा-पूरा साम्राज्य लग रहा था। इन लोगों ने कुँए पर पहुँचकर दातून आदि किया और आटा आदि सानकर वहीं लिट्टी बनाए और खाकर आराम करने लगे। दरअसल दुकानें सज रही थीं और मेला शाम को गुलजार हो जाता था। हर दुकानों पर चिराग जल उठते थे और कुछ पेड़ों पर लुकारे (मशाल) भी जल उठती थी।
शाम को जब ये मेरे गाँव के लोग मेला करने निकले तो उन्हें अजीब लग रहा था क्योंकि उन्हें उस मेले में अपने गाँव-जवार का कोई भी व्यक्ति नहीं दिख रहा था, उन्हें बहुत ताज्जुब हो रहा था क्योंकि मेरे गाँव का भी कम से कम 2-3 गोल और पास के गाँवों के अनेको गोल मेला में आए थे, कोई गोल गाँव से पहले चला था तो कोई बाद में, पर कोई पहचान का व्यक्ति दिखाई नहीं दे रहा था। दुकानदार भी अजीब लग रहे थे और उनकी हरकतें भी अजीब थी। हमारे गाँव के लोगों में एक बुजुर्ग यादवजी थे। उन्हें अब कुछ समझ में आने लगा था। उन्होंने गाँव के सभी लोगों को एक साथ रहने की ही हिदायत देते हुए कहे कि धीरे-धीरे डेरा की ओर बढ़ों। हम लोग भूतों के चंगुल में फँस गए हैं। यह अपना मेला नहीं, यह भूतों को मेला है और अगर हम लोग समझदारी से काम नहीं लेंगे तो हम लोगों की जान को खतरा हो सकता है।
पता नहीं जब ये लोग उस कुँए की ओर बढ़ने लगे तो दुकानदार भी एक-एक करके धीरे-धीरे इनके पीछे होने लगे। अपने उनके हाव-भाव के साथ ही उनके आकार प्रकार भी बदलने लगे थे अब वे अपने रूप में आना शुरू हो गए थे और डरावनी हरकतें भी करना शुरू कर दिए थे। फिर मेरे गाँव के उस बुजुर्ग ने लोगों से कहा कि बिना पीछे देखे, बिना डरे कुएँ की ओर आगे बढ़ों और वहाँ जो देवी का थान है वहाँ पहुँचकर देवी माँ की गुहार करो। खैर उब भूत और भी डरावनी हरकते करने लग गए थे, पेड़ों की डालियाँ तोड़ना भी शुरू कर दिए थे और अजीबो-गरीब हरकतें भी। पर मेरे गाँव के लोग बिना डरे तेजी से उस कुँए की ओर बढ़ें और कुएँ पर पहुँचते ही वहाँ बने देवी थान के पास च्प्पल आदि निकाल कर देवी माँ को गोहराने लगे। उस बगीचे में एक अजीब ही भयावह स्थिति पैदा हो गई थी, अंधेरा पूरी तरह से छा गया था और पेड़ों की डालियाँ तेजी से आपस में टकरा रही थीं। मेर गाँव के लोग अब हाथ जोड़कर उस देवी थान पर झुक गए थे। सबकी आँखें बंद थीं और वे बस देवी माँ से अपनी जान की भीख माँग रहे थे।
भूत भी आस-पास में एकत्र हो गए थे पर कोई इस थान के पास आने की कोशिश नहीं कर रहा था पर दूर से इन लोगों को डराने में लगे थे। एकाएक एक तेज आँधी उठी, ऐसा लगा कि पूरे बगीचे में भूचाल आ गया, कुछ पेड़ों की डालियां तेजी से आवाज करते हुए टूट कर गिर गईं। और देखते ही देखते मेरे गाँव वालों के कान में किसी महिला की सुमधुर आवाज गुंजायमान हुई, “उठो, यहाँ पड़े-पड़े क्या कर रहे हो, मेला तो उस बगीचे में लगा है। मैं भी उसी बगीचे में चली गई थी।” इसके बाद मेरे गाँव वालों के जान में जान आई। अब बगीचे में शांति पसरी हुई थी पर उन्हें कोई दिखाई नहीं दे रहा था। फिर एक अद्भुत रोशनी प्रकट हुई, रोशनी के प्रकट होते ही मेरे गाँव के बुजुर्ग ने कहा कि अपना सामान समेटे और बिना देर किए इस रोशनी के पीछे-पीछे निकल पड़ों।
फिर मेरे गाँव के लोगों ने अपना सामान समेटा और उस रोशनी के पीछे-पीछे हो लिए। जब वे लोग मेले बाले बगीचे के पाँस पहुँचे तो वह रोशनी गायब हो गई। अब मेरे गाँव के लोग राहत की साँस ले रहे थे क्योंकि लगभग काफी रात भी हो चुकी थी और इस बगीचे में मेला भी परवान चढ़ चुका था। ज्योंही हमारे गाँव का यह गोल मेले में प्रवेश किया वहीँ हरीश खरीदते हुए मेरे गाँव के रमेसर बाबा मिल गए। फिर रमेसर बाबा मेरे गाँव के इस गोल को लेकर डेरा पर गए जहाँ मेरे गाँव के अन्य गोल भी आकर ठहरे हुए थे। फिर अपना सामान वहाँ रखकर ये लोग मेला करने निकले। दरअसल डेरा बनाने से यह फायदा होता था कि हर व्यक्ति की 1-2 घंटे इस डेरा पर रहने की जिम्मेदारी होती थी और लोग अपना सामान तथा खरीदा हुआ सामान भी यहीं लाकर रखकर फिर मेले में चले जाते थे और अगर किसी को खाना-पीना भी होता था तो यहीं यानि डेरे पर ही आ जाता था।
यह मेला महीनों चलता था। खैर दूसरे दिन सुबह मेरे गाँव के उस बुजुर्ग गाँव वालों के साथ मेला के आयोजकों के पास पहुँचे और उन्हें रात की घटना बताई। मेला के आयोजकों ने कहा कि हम लोग मेला का आयोजन इसी से तो उस बगीचे में नहीं करते, क्योंकि उस बगीचे में बहुत सारे भूतों का डेरा है। दिन में भी उस बगीचे में अकेले कोई जाना नहीं चाहता है। उस बगीचे के भूत काफी लोगों को परेशान किए हैं। फिर मेरे गाँव के उस बुजुर्ग ने कहा कि हमें भूतों से डरने की जरूरत क्या है। उस बगीचे में एक देवी माँ का थान है, कुँआ भी है। आप लोग क्योंकि उस देवी थान पर पूजा आदि का आयोजन करके मेला का आयोजन वहीं करते हैं। माँ हम सबकी रक्षा करेगी और भूतों को भी वहाँ से नौ-दो-ग्यारह होना पड़ेगा। मेला आयोजकों को यह बात बहुत ही जँच गई और उन लोगों ने सोचा कि जो माँ उस बगीचे से इस बगीचे में मेला का आनंद उठाने आती है तो क्यों नहीं मेले का आयोजन उसी बगीचे में किया जाए।
तभी से इसी बगीचे में मेला लगना शुरू हो गया है। सब पर माँ की कृपा है। माँ के थान पर एक छोटा मंदिर भी बन गया है, मेले के दौरान पूरा बगीचा माँमय हो जाता है। अगरबत्तियों, कपूरों के जलने से पूरे बगीचे का माहौल देवीमय हो जाता है। लोग मेला भी करते हैं और माँ के दर्शन भी। नौरात्रि चल रहा है। माँ की कृपा आप सब पर बनी रहे। जय माता दी। आप पाठकों से सादर अनुरोध है कि यह बताना न भूलें कि यह काल्पनिक पर सुनी-सुनाईं कहानी आपको कैसी लगी? मेरे द्वारा प्रस्तुत भतही कहानियों का कुछ न कुछ जरूर आधार होता है, मैं भले कहता हूँ कि ये काल्पनिकता पर आधारित हैं पर वह मेरे शब्दों में होता है क्योंकि कहानी किसी न किसी सुनी हुई घटना से प्रेरित होती है। जय माता दी।
jai ma kali

virat jaiswalcrobooks.blogspot.com

diva aatma

भारत ही नहीं अगर विश्व की बात करें तो बहुत सारे ऐसे पढ़े-लिखे लोग मिल जाएंगे जो भूत-प्रेत, आत्मा में विश्वास करते हैं। आए दिन भूत की खबरें पढ़ने को या देखने को मिलती हैं। कभी-कभी कुछ लोगों के कैमरे में भी ऐसी आत्माएँ शूट हो जाती हैं।
भूत है या नहीं यह अलग विषय है पर जो लोग अपनी वैज्ञानिकता के घमंड में यह मानने को तैयार ही नहीं होते कि भूत होते हैं और लोगों को बोलते हैं कि ऐसी अफवाह न फैलाएँ, इससे समाज दिग्भ्रमित होता है, हम गँवार समझे जाते हैं? क्या भूत-प्रेत को मानने वाले गँवार, अशिक्षित ही होते हैं? क्या वास्तव में आत्मा का कोई वजूद नहीं?
मुझे तो लगता है कि शरीर से आत्मा निकलने के बाद जब तक ब्रह्म में विलिन नहीं हो जाती या किसी अन्य शरीर में जन्म नहीं ले लेती, भटकती रहती है। भगवान है...यह अकाट्य सत्य है तो फिर आत्मा को मानना गँवारपन कैसे? जैसे विघटन के बाद, नाश के बाद हर वस्तु का कोई न कोई रूप बन जाता है या वह किसी न किसी रूप में, भले अंशमात्र में ही हो, उसका अस्तित्व बना रहता है वैसे ही आत्मा जबतक परमात्मा में एकाकार नहीं हो जाती या किसी अन्य शरीर में अवतरित नहीं हो जाती, विद्यमान रहती है।
खैर मैं यहाँ इस विषय पर प्रवचन देने नहीं आया हूँ। मैं तो कोई कहानी गढ़ रहा हूँ ताकि आप सबको सुना सकूँ। किसी पचरे में न पड़ते हुए आप भी इस भूतही काल्पनिक कहानी का आनंद लें....काल्पनिक इसलिए क्योंकि इस कहानी का आधार होकर भी कोई आधार नहीं...शब्दों में गूँथे होने के बाद भी अपनी काल्पनिकता से शब्दों में पिरोकर परोस रहा हूँ।
बहुत समय पहले की बात है। खुनिया गाँव के 8-10 लोगों की एक मंडली दर्शन हेतु एक काली मंदिर में गई थी। काली का यह मंदिर एक जंगल में था पर आस-पास में बहुत सारी दुकानें, धर्मशाला आदि भी थे, कच्ची-पक्की सड़कें भी बनी हुई थीं...पर घने-उगे जंगली पेड़-पौधे इसे जंगल होने का भान कराते थे। यह काली मंदिर बहुत ही जगता स्थान माना जाता था। यहाँ हर समय भक्तों की भीड़ लगी रहती थी पर मंदिर के अंदर जाने का समय सुबह 8 बजे से लेकर रात के 8 बजे तक ही था। भक्तों की उमड़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर में मुख्य दरवाजे के अलावा एक और दरवाजा खोल दिया गया था ताकि भक्तजन मुख्य दरवाजे से दर्शन के लिए प्रवेश करें और दूसरे दरवाजे से निकल जाएँ।
खुनिया गाँव की मंडली शाम को 6 बजे दर्शन के लिए मंदिर पहुँची और दर्शन करने बाद मंदिर के आस-पास घूमकर वहाँ लगे मेले का आनंद लेने लगी। मेले में घूमते-घामते यह मंडली अपने निर्भयपन का परिचय देते हुए जंगल में थोड़ा दूर निकल गई। रात होने लगी थी, मंडली का कोई व्यक्ति कहता कि अब वापस चलते हैं, कल दिन में घूम लेंगे पर कोई कहता डर रहे हो क्या, इतने लोग हैं, थोड़ा और अंदर चलते हैं फिर वापस आ जाएँगे। ऐसा करते-करते यह मंडली उस जंगल में काफी अंदर चली गई। रात के अंधेरे में अब मंडली को रास्ता भी नहीं सूझ रहा था और न ही मंदिर के आस-पास जलती कोई रोशनी ही दिख रही थी। अब मंडली यह समझ नहीं पा रही थी कि किस ओर चलें। खैर, मंडली के एक व्यक्ति ने अपनी जेब से माचिस निकाली और झोले में रखे कुछ कागजों को जलाकर रोशनी कर दी।
रोशनी में उस मंडली ने जो कुछ देखा, वह बहुत ही भयावह था, आस-पास कुछ नर कंकाल भी नजर आ रहे थे और पेड़ों पर कुछ अजीब तरह के डरावने जीव-जंतु इस मंडली को घूरते नजर आ रहे थे। अब तो इस मंडली के सभी लोग पूरी तरह से चुप थे। कोई कुछ बोलने की हिम्मत नहीं कर रहा था पर हाँ वे लोग धीरे-धीरे एक-दूसरे के काफी करीब आकर चिपक गए थे। फिर किसी ने थोड़ी हिम्मत करके कागज की बूझती आग पर वहीं पड़े कुछ सूखे घास-फूस को डाला और फिर आग थोड़ी तेज हो गई।
मंडली ने मन ही मन निश्चित किया कि अभी कहीं भी जाना खतरे से खाली नहीं है, क्योंकि वे लोग रास्ता भी भूल गए थे और उन्हें समझ में ही नहीं आ रहा था कि किस ओर जाएँ। अस्तु उन लोगों ने फुसफुसाकर यह निर्णय लिया कि आज की रात कैसे भी करके यहीं गुजारेंगे और सुबह होते ही यहाँ से निकल जाएंगे। चूँकि ये लोग गाँव से थे और इन लोगों का भूत-प्रेतों से कई बार पाला पड़ा था, इसलिए थोड़े डरे हुए तो थे पर इतना भी नहीं कि ये डरकर चिल्लाने लगें या भागना शुरू कर दें। इस मंडली ने हिम्मत दिखाई और धीरे-धीरे कर के आग को और तेज करने लगी, क्योंकि अब इस मंडली को लगने लगा था कि जरूर यहाँ कुछ बुरी आत्माएँ हैं और वे इस मंडली को अपनी चपेट में लेना चाहती हैं।
पर वहाँ की आबोहवा देखकर यह गँवई मंडली पूरी तरह से डर गई थी और अंदर से पसीने-पसीने भी हो गई थी पर इस डर को चेहरे पर नहीं लाना चाहती थी, क्योंकि इनको पता था कि डरे तो मरे और डरे हुए लोगों पर यह बुरी आत्माएँ और भी असर करती हैं। मंडली के कुछ लोग एक दूसरे का हाथ कसकर पकड़ लिए थे और पूरी तरह से सतर्क थे। कुछ लोगों ने हनुमान चालीसा आदि पढ़ना और हनुमानजी को गोहराना भी शुरु कर दिया था तो कुछ लोग उस जंगल की काली माता की दुहाई दे रहे थे। अचानक एक भयानक आत्मा उनके सामने प्रकट हो गई और रौद्र रूप में अट्टहास करने लगी। उस समय का माहौल और भी भयानक हो गया। अब इस मंडली के पसीने चेहरे पर भी दिखने शुरु हो गए थे, चेहरे लाल होना शुरू हो गए थे और ये लोग और कसकर एक दूसरे के करीब आ गए थे। अभी वह रौद्र आत्मा अट्टहास करके पूरे वातावरण को और भी भयानक बनाए तभी वहाँ कुछ और भयानक आत्माएँ आ गईं। अब तो इस मंडली की सिट्टी-पिट्टी गुम। अब इन लोगों को अपना काल अपने सामने दिख रहा था। अब वहाँ एक नहीं लगभग 5-6 आत्माएँ आ गई थीं और अपनी अजीब हरकतों से माहौल को पूरी तरह भयानक बनाकर रख दी थीं।
मंडली के एक व्यक्ति ने हिम्मत करके कहा कि अगर मरना ही है तो इनका सामना करके मरेंगे। जिसके पास भी चाकू आदि है निकाल लो, डंडे आदि उठा लो और इनका सामना करो। दरअसल उस समय लोग अपनी जेब में छोटा सा चाकू आदि भी रखते थे और कुछ लोग बराबर लाठी लिए रहते थे। इस मंडली के दो लोगों के पास भी लाठी और तीन के पास चाकू थे। अब सब पूरी तरह से मुकाबला करने के लिए तैयार हो गए थे।
पर शायद इन्हें लड़ने की नौबत नहीं आई। हुआ यूँ कि जैसे ही एक भयानक आत्मा ने इनपर हमला किया...उसका सिर कटकर अलग गिर गया और वह बिना सिर के ही खूब तेज भागी तथा उसका सिर भी भाग निकला। अब माहौल एकदम से भयानक रणमय हो गया था क्योंकि एक गौरवर्णीय व्यक्ति जो कोई साधु जैसा दिखता था और केवल धोती पहने हुआ था, हाथ में तलवार लिए इन बुरी आत्माओं को काटे जा रहा था। देखते ही देखते उसने सारी बुरी आत्माओं को काटकर रख दिया पर गौर करने वाली बात यह थी कि कोई आत्मा मरी नहीं पर सब चिल्लाते हुए, अजीब-अजीब आवाज करते हुए वहाँ से भाग निकलीं। अब यह मंडली उस सज्जन महात्मा के पैरों पर गिर गई थी और उन्हें धन्यवाद दे रही थी।
इस मंडली को उस गौरवर्णीय, पराक्रमी महात्मा ने अपने पीछे आने का इशारा करके आगे बढ़ने लगे। लगभग 10 मिनट चलने के बाद यह मंडली एक कुटिया के पास पहुँच चुकी थी। वहाँ डर का कोई नामो-निशान नहीं था। उस महात्मा ने इन लोगों को कुटिया के अंदर आने का इशारा किया। कुटिया में पहुँचकर इन लोगों ने अपना झोरा-झंटा रखा और चैन की साँस ली। फिर बाबा ने इशारे से ही इन्हें खाने के लिए पंगत में बैठा दिया। कुटिया के अंदर से एक दूसरे महात्मा निकले और उन्होंने किसी पेड़ के पत्ते को पत्तल के रूप में इन लोगों के आगे रख दिया। फिर क्या था, उस महात्मा ने उस पत्तल पर कुछ अलग-अलग पेड़ों के पत्ते रखे। ऐसा करते समय इस मंडली को बहुत अजीब लग रहा था पर किसी में हिम्मत नहीं थी कि बाबा से कुछ पूछे। फिर उस महात्मा ने कमंडल से जल लिया और कुछ मंत्र बुदबुदाकर छिड़क दिया। अरे यह क्या अब तो वे पत्तलें थाल बन चुकी थीं और मंडली के हर व्यक्ति के इच्छानुसार उसमें पकवान पड़े हुए थे। फिर बाबा का इशारा मिलते ही बिना कोई प्रश्न किए यह मंडली जीमने लगी। जीमने के बाद बाबा का इशारा पाकर वह मंडली वहीं सो गई, पर सब सोने का नाटक कर रहे थे, नींद किसी के भी आँख में नहीं थी। इस कुटिया में दूर-दूर तक डर नहीं था पर बाबा के कारनामे देखकर वे लोग हतप्रभ थे और सोच रहे थे कि सुबह बाबा से इस बारे में जानकारी लेंगे।
सुबह जब सूर्य की किरणें इस मंडली के चेहरे पर पड़ी तो इनकी नींद खुली। मंडली का हर व्यक्ति बहुत ही आश्चर्य में था क्योंकि वहाँ न कोई कुटिया थी और न ही रात वाले बाबा ही। और ये लोग भी नीचे वैसे ही घाँस-फूस पर सोए हुए थे। अब इनको समझ में नहीं आ रहा था कि वह कुटिया और बाबा गए कहाँ। खैर अब इन लोगों के पास कोई चारा नहीं थी, थोड़ा-बहुत इधर-इधर छानबीन करने के बाद इनको रास्ता भी मिल गया और ये लोग मेले में वापस आ गए। मेले में वापस आने के बाद ये लोग काली माता के पुजारी से मिलकर सारी घटना बताए। पुजारी बाबा ने एक लंबी साँस छोड़ते हुए कहा कि वह दिव्य आत्मा है, जो इस जंगल में रहती है। वह केवल रात में ही और वह भी भूले-भटके लोगों को ही नजर आती है और उन्हें रात में आश्रय प्रदान करके फिर पता नहीं कहाँ गायब हो जाती है। उस पुजारी बाबा ने बताया कि ऐसी घटनाएँ उन्हें काफी श्रद्धालु सुना चुके हैं। इतना ही नहीं उन्होंने कई बार दिन के उजाले में 9-10 लोगों के साथ इस जंगल का कोना-कोना छान मारा है पर कभी भी न वे महात्मा मिले और न ही ऐसी कोई कुटिया ही दिखी।
खैर यह मंडली तो कुछ और ही करना चाहती थी। इस मंडली ने फिर हिम्मत करके रात को जंगल में निकल गई। मंडली चाहती थी कि उन्हें बुरी आत्माएँ सताएँ और बाबा फिर आकर उनकी रक्षा करें। इसी बहाने यह मंडली यह चाहती थी कि बाबा के दिखते ही उनके पैरों पर गिरकर कुछ रहस्यों के बारे में जानकारी ली जाएगी। बाबा से हाथ जोड़कर प्रार्थना किया जाएगा कि वे कुछ अनसुलझे प्रश्नों का उत्तर दें। पर यह क्या अभी यह लोग जंगल में कुछ दूर ही आगे बढ़े थे कि जो बाबा रात को पत्तल लाकर रखे थे, वे दिख गए और बोले, तुम लोगों के मन-मस्तिष्क में क्या चल रहा है, मुझे पता है....पर ऐसी भूल मत करो....कुछ चीजों को रहस्य ही रहने दो....और सबसे अहम बात हम और हमारे वे गुरुजी इस जंगल में इसी माता के दर्शन के लिए आए थे पर रात को जंगल में कुछ डाकुओं ने हमारी हत्या कर दी थी। फिर हम कभी इस जंगल को छोड़कर नहीं गए और रातभर जागकर श्रद्धालुओं को डाकुओं और बुरी आत्माओं से बचाते रहते हैं। जय बाबा विश्वनाथ। जय माँ काली।crobooks.blogspot.com

bhutni ka khuni badla

धर्म ग्रंथों में कहा गया है कि बुरे कर्मों की सजा भुगतने ही पड़ती है। मरने के बाद अपने किए कर्मों के अनुसार स्वर्ग या नरक में जाना पड़ता है। पर कई घटनाएं ऐसी होती हैं जो मनुष्य के किए की सजा उसे जीते जी दे देती हैं। अच्छा भी है, कुछ लोग बुरे कर्मों को करते रहते हैं और सोचते हैं, मरने के बाद क्या होगा, किसने देखा है;ऐसे लोगों के लिए अगर उन्हें जीते जी सजा मिल जाती है तो उन्हें अपने किए पर पछतावा भी होता है और साथ ही ईश्वर के न्याय की महत्ता का भी पता चलता है। हमें कई बार ऐसे लगता है कि हम जो बुरा कृत्य कर रहे हैं, उसे कोई देख नहीं रहा। और कभी-कभी सोचते हैं कि ऐसे कर्म करने में हर्ज ही क्या है? भूतही कहानी शुरू करने से पहले मुझे एक घटना याद आ रही है, बताना जरूरी समझता हूँ। हमारे गाँव-जवार की ही घटना है। एक काफी धनी-मनी और दबंग व्यक्ति थे। पैसे की कोई कमी नहीं थी। लोगों की मदद भी करते थे पर उनमें एक कमी थी जो उनकी सारी अच्छाइयों को ढक देती थी। वे पैसा खर्च करके न पीने वाले युवाओं को भी खूब मदिरा आदि का सेवन कराते थे, मुर्ग-मुसल्लम खिलाते थे ताकि वे युवा बहक कर गलत काम करें, अपने माता-पिता को परेशान करें। ऐसे युवाओं के माता-पिता को परेशान देखकर उस महाशय को बहुत शांति और आनंद मिलता था। इस महाशय का एक ही बेटा था जो बाहर शहर में रहकर पढ़ता था। अपने बेटे पर ये महाशय नजर तो खूब रखते पर उसे मनमाँगा पैसा भी देते। शहर में उनका बेटा गलत संगत का शिकार हो गया। पढ़ाई-लिखाई तो कुछ नहीं करता बस दोस्तों के साथ फिल्में आदि देखता और मटरगस्ती करता। उसे शराब की भी लत लग गई। बाद में वही लड़का इतना बड़ा शराबी बना कि खेत-बाग तक बेचकर पी गया। उसके पिताजी जो दूसरे युवाओं को बहकाते थे, अपने बेटे से ही इतने परेशान हो गए कि पागलों की तरह इधर-उधर भटकते हुए, भीख माँगते हुए प्रभु को प्यारे हो गए।
अब भूतही कहानी पर आ जाता हूँ। यह कहानी मैंने अपने गाँव के ही एक बुजुर्ग जो कोलकाता में काम करते थे, उनसे सुनी थी। एक बार की बात है कि कुछ अंग्रेज शिकारी भारत के किसी जंगल में शिकार पर गए। उस जंगल के बाहर एक डाक-बंगला था पर उसमें पहले से ही कोई बड़ा अंग्रेज अधिकारी ठहरा हुआ था, अस्तु इन अंग्रेज शिकारियों को जंगल के बीच बने एक पुराने डाक बंगले में रूकना पड़ा। इस डाकबंगले का रखवाला अपने परिवार के साथ रहता था और डाकबंगले में रुकने वाले लोगों की सेवा करता था। इस रखवाले के परिवार में उसकी बीबी तथा लगभग 14-15 साल की उसकी एकमात्र लड़की थी। एक शाम जब अंग्रेज शिकारी शिकार करके वापस डाक बंगले पर आए तो नहा-धोकर पीने बैठ गए। पीने के बाद उन्हें इतनी चढ़ गई कि वे लोग पूरी तरह से बहक गए और उस रखवाले को गोली मारने के बाद उसकी बीबी तथा बच्ची को नोच डाले। इन पापियों को नशे में कुछ भी पता नहीं चला और नोचने के बाद उन दोनों को भी गोलियों से भून डाले और तीनों की लाश को डाक बंगले के पीछे दफना दिए। यह बात आई-गई रह गई। अंग्रेजों ने फिर कुछ दिन के बाद वहाँ कैलाश नामक एक नया सेवक रख दिया। किसी को कुछ भी पता नहीं चला कि इस पुराने डाकबंगले का पुराना सेवक और उसका परिवार कहां चला गया।
एक बार कि बात है कि नया सेवक कैलाश रात को गेट बंद करके सोया हुआ था। तभी अचानक उसकी नींद खुल गई क्योंकि उसे लगा कि दरवाजे पर कोई रो रहा है। उसने एक हाथ में लाठी उठाया और दूसरे में चिराग और दरवाजे पर आकर हाँक लगाया, “कौन है?इतनी रात गए कौन दरवाजे पर रो रहा है?” उसने देखा कि एक किशोरी दरवाजे पर बैठी रो रही है। कैलाश उस किशोरी के पास गया और उसके सिर पर हाथ रखते हुए कहा कि बेटी रो मत, अंदर चल। फिर उस किशोरी के अंदर आने पर कैलाश ने उसे पीने के लिए पानी आगे बढ़ाते हुए पूछा कि बेटी तुम कौन हो और इतनी रात को अकेले इस जंगल में क्यों भटक रही हो? कैलाश की इतनी बातें सुनते ही वह किशोरी और तेज फफक पड़ी। कुछ समय तक तेज-तेज रोने के बाद वह थोड़ा शांत हुई और कैलाश को बताई कि वह इस डाकबंगले के पहले सेवक की पुत्री है। फिर उसने यह भी बताया कि कैसे 4-5 अंग्रेज शिकारियों ने उसके पिता को मार डाला और उसके बाद उसके तथा उसकी माँ की आबरू को नोच डाला। फिर कैसे उसकी माँ तथा उसको भी गोलियों से भूनने के बाद डाक बंगले के पीछे दफना दिया। उस किशोरी की इतनी बातें सुनते ही कैलाश पूरी तरह सहम गया पर निडरता दिखाते हुए पूछा कि ऐसे कैसे हो सकता है? अगर तूँ मर गई है तो मेरे सामने कैसे बैठी है? कैलाश की यह बात सुनते ही वह लड़की अचानक गायब हो गई और कैलाश कुछ समझ पाए इससे पहले ही वह उस कमरे की दिवाल पर उलटी टहलती नजर आई। कैलाश यह नजारा देखकर पूरी तरह से सहम गया। फिर अचानक वह लड़की आकर कैलाश के सामने बैठते हुए बोली कि काका, आप डरिए मत। मैं आपका कुछ भी बुरा नहीं करूँगी। धीरे-धीरे कैलाश का डर जाता रहा और उसने अपने मस्तक पर आईं पसीने की बूँदों को गमछे से पोछ लिया।
फिर उसी रात को उस लड़की ने वह जगह दिखाई जहाँ उन तीनों को दफनाया गया था। कैलाश ने कुदाल से खोदकर उन तीनों के अस्थिपंजर को निकाला। फिर कैलाश ने उस किशोरी से वादा किया कि वह उन अंग्रेज शिकारियों के खिलाफ कोर्ट जाएगा और किशोरी को इंसाफ दिलवाकर रहेगा। कैलाश की बातें सुनकर वह किशोरी रोते हुए बोली कि काका, आपको कुछ नहीं करना है, बदला तो मैं लूंगी बस आप मेरी थोड़ी सी मदद कर दें। फिर क्या, उस किशोरी के बताए अनुसार कैलाश ने बीमारी का बहाना बनाकर उस डाकबंगले की नौकरी छोड़ दी तथा उस किशोरी को किए वादे के अनुसार उस किशोरी के माता-पिता की अस्थियों को जला दिया तथा उन दोनों के नाम पर पूजा-पाठ भी करवाया। उन दोनों की मुक्ति हो गई पर लड़की के कहे अनुसार कैलाश ने न लड़की के अस्थिपंजर को जलाया और न ही उसके क्रिया-कर्म के लिए कोई अनुष्ठान, पूजा-पाठ ही किया। क्योंकि किशोरी ने कहा था कि अगर उसके लिए भी पूजा-पाठ हो गई तो वह इस भूतही योनि से मुक्त हो जाएगी और फिर उन दरिंदों से बदला नहीं ले पाएगी।
समय बीतता गया और अब उस डाकबंगले में कोई नया सेवक आने को भी तैयार नहीं होता क्योंकि कैलाश वहीं आस-पास मँडराता रहता और नए आनेवाले सेवक को भूतही कहानी सुनाकर भगा देता, कभी-कभी वह किशोरी भी अपनी भूतही कारनामे से आनेवाले नए सेवक को नौ-दो ग्यारह कर देती। पर उस बंगले पर शिकारियों का आना कम नहीं हुआ, वे आते और खुद ही अपनी व्यवस्था करते। पर जो अब आता वह वापस नहीं जाता, क्योंकि उस डाकबंगले में ठहरने वाला हर अंग्रेज शिकारी उस लड़की का शिकार हो जाता। कभी-कभी तो ऐसा होता कि वह लड़की किसी अंग्रेज शिकारी को अपने लटकों-झटकों में फँसाकर उस डाकबंगले में लाती और रात को अपने असली रूप में आ जाती और डराकर उस अंग्रेज को मार डालती और उसका खून पी जाती। यह क्रम चलता रहा और उस डाकबंगले में मरने वाले अंग्रेज शिकारियों की मौत रहस्य ही बनी रही। अंग्रेज अधिकारियों के लाख कोशिश के बावजूद न हत्यारा पकड़ में आता और नहीं मरने वाले अंग्रेज शिकारियों, अधिकारियों के मौत का कारण पता चलता। धीरे-धीरे यह खबर आस-पास के क्षेत्रों में, अंग्रेज शिकारियों आदि में फैल गई कि पुराने डाक बंगले में ठहरने वाले हर शिकारी की रात तो होती है पर वह दूसरे दिन का सूरज नहीं देख पाता।
दो-तीन और वर्ष बीते और अब वह डाकबंगला खंडहर हो गया, क्योंकि अब किसी में भी हिम्मत नहीं थी कि वहाँ ठहरे, आखिर किसको अपनी जान की परवाह नहीं होती। पर वह किशोरी भूतनी जो अब युवती बन गई थी, उसी डाकबंगले में रहकर अपने हत्यारों का इंतजार करती। दिन में उधर आने-जाने वाले लोगों को उसका एहसास होता, क्योंकि वह बराबर रोती रहती पर किसी को दिखाई नहीं देती। एक बार की बात है कि वह युवा भूतनी उस जंगल में रह रहे एक युवा भूत तथा युवा भूतनी के संपर्क में आई। ये दोनों आदिवासी थे और जंगल में लकड़ी काटते समय किसी अंग्रेज शिकारी के शिकार बन गए थे। युवा भूतनी उन दोनों को लेकर शहर की ओर निकल गई। युवा भूतनी उन दोनों भूत-भूतनी के साथ शहर में घूम-घूमकर अपने हत्यारों की तलाश करती रही। 2-3 दिन की मेहनत के बाद ही वह अपने हत्यारों को पहचान ली। एक दिन वह शाम के समय खूब खूबसूरत युवती बनकर उनमें से एक हत्यारे अंग्रेज शिकारी के घर पर गई। घर पर उस अंग्रेज के सिवा कोई नहीं था। फिर उसने खूब लटके-झटके दिखाए और उस अंग्रेज को अपनी सुंदरता में फाँस लिया। रूप लुभावन हो तो अच्छे-अच्छों को फँसते देर नहीं लगती। योजना के अनुसार वह दूसरे दिन भी उस अंग्रेज से मिली, फिर उसे पूरी तरह विश्वास में लेने के बाद एक दिन कही कि क्यों नहीं हम लोग शिकार पर चलें। अंग्रेज ने कहा कि अच्छी बात है, मेरे कुछ मित्र शिकारी हैं, उन्हें भी लेकर चलते हैं। फिर क्या था, उस युवती भूतनी ने उस अंग्रेज से कहा कि मेरी एक और सहेली है, वह भी बहुत ही खूबसूरत है और शिकार पर जाना पसंद करेगी। फिर दूसरे दिन उस युवती भूतनी ने अपने साथ आए हुए दूसरी युवा भूतनी से उस अंग्रेज शिकारी को मिलवाया। अब तो अंग्रेज पूरी तरह उस भूतनी के माया-जाल, रूप-जाल में फँस चुका था।
एक दिन सुबह-सुबह वह अपने उन्हीं पुराने दोस्तों के साथ जंगल की ओर निकल पड़ा। दिनभर शिकार करते रहे और खूब मौजमस्ती भी। शाम होने को आई तो अंग्रेज शिकारियों ने कहा कि अब सूर्य ढलने लगा है, क्यों न हम लोग वापस शहर लौट चलें। अंग्रेज की बात सुनकर उस युवा भूतनी ने कहा कि ना-ना, आज रात हम लोग यहीं ठहर कर जंगल का आनंद उठाते हैं। पर एक अंग्रेज शिकारी ने कहा कि हमने पहले से डाकबंगला तो बुक किया नहीं है, ठहरेंगे कहाँ? फिर क्या था, वह युवा भूतनी मुस्कुराई और बोली कि इसी जंगल में दूसरी ओर मेरे एक मित्र आदिवासी की कुटिया है। हम रात वहीं बिताएंगे और खूब मौजमस्ती करेंगे। अब हुआ यूं कि उस युवा भूतनी की योजना के अनुसार देखते ही देखते उसके मित्र युवा भूत ने एक मड़ई तैयार कर ली थी, उसमें ऐशो-आराम की सारी चीजें भी ला दी थी। उन दोनों युवा भूतनी के साथ ये अंग्रेज उस मड़ई में पहुँचे। इन अंग्रेज शिकारियों को उस मड़ई की दशा देखकर अजीब लगा क्योंकि उस मड़ई में महलों, बड़े-बड़े होटलों जैसी व्यवस्था थी।
रात को पार्टी शुरू हुई तथा साथ ही अंग्रेज अधिकारियों की सिट्टी-पिट्टी गुम होना ही। क्योंकि पहले तो उन दो युवा भूतनी जो देखने में बहुत खूबसूरत लग रही थीं अचानक बहुत ही डरावनी रूप बना लीं। ऐसा रूप जिसे देखते ही अच्छे-अच्छों की पैंट गीली हो जाए। फिर क्या था उन भूतनियों ने ग्लास में खून भरकर लाकर उन अंग्रेजों को पिलाना शुरू कर दिया। किसी अंग्रेज की हिम्मत ही न थी कि वह ना करे, क्योंकि सब के सब पूरी तरह से डरे हुए थे और काँप रहे थे। अचानक आदिवासी युवा भी विकराल रूप में आ गया और अचानक उछल कर पास के एक मोटे पेड़ की मोटी शाखा को उछलकर इतना जोर से खींचा कि चर्र की आवाज के साथ वह मोटी शाखा टूट गई। उसके बाद वह विकराल भूत उन अंग्रेज शिकारियों में से एक को पकड़कर पैर के नीचे दबाकर देखते ही देखते चीर दिया और उसके खून को पीने लगा। उसका खून पीता देख दोनों भूतनियों ने भी लंबी-लंबी विकराल चीभ निकालते हुए खून पीने में उसका साथ देने लगीं और साथ ही अपने बड़े-बड़े नाखूनों से उसका शरीर जगह-जगह से चीरने लगी। उस युवा भूतनी ने तो भयानक आवाज निकालते हुए दौड़कर एक दूसरे अंग्रेज शिकारी के पास पहुँची और उसकी आँखों में अपने विकराल, भयावह, भाले जैसे नखों को डालकर उसकी दोनों आँखों को निकालकर खा गई। इसके बाद उन तीनों भूतनी-भूत ने एक-एककर सभी अंग्रेज शिकारियों को मार डाला।
दूसरे दिन उन अंग्रेजों की खोज में गए अंग्रेज अधिकारियों को उनकी ऐसी वीभत्स लाशें मिलीं जो देखने में बहुत ही भयावह लग रही थीं। उनको ऐसे नोचा गया था कि लगता था कि यह किसी मनुष्य या जानवर का काम ही नहीं हो सकता। कैलाश को तो सबकुछ पता ही था पर वह किसी को कुछ नहीं बताया। फिर एक दिन समय निकालकर, गोपनीय रूप से कैलाश ने उस युवा भूतनी के कंकाल को भी जला दिया तथा उसकी मुक्ति के लिए एक पूजा करवा दी।
यह एक काल्पनिक कहानी है, पर हकीकत भी हो सकती है, उन लोगों के लिए जो अपनी शक्ति, संबंधों का नाजायज फायदा उठाते हुए गलत कार्यों को अंजाम देते हैं और उन्हें लगता है कि कोई उनका बाल-बाँका भी नहीं कर सकता। हमेशा वैसा ही कार्य करें, जैसा आप दूसरों से अपने तथा अपनों के प्रति चाहते हैं। जय बजरंगबली।
bhot preat ki kahaniya

बुधवार, 23 सितंबर 2015

simpal bhot jo aap ke bich me hi hota hai

crobooks.blogspot.com
एक इंटर कॉलेज के प्रिंसपल खमेसर सिंहजी बहुत ही नेक इंसान माने जाते थे। वे बहुत ही धार्मिक व सहृदय इंसान थे। लोगों की सहायता करने के साथ ही वे गरीब छात्रों की हर प्रकार से सहायता करने के लिए सदा तत्पर रहते थे। सुबह चार बजे ही जगकर नहा-धोकर विधिवत पूजापाठ करने के बाद ही वे मुँह में कुछ डालते थे। खाली समय मिलते ही वे कोई न कोई धार्मिक भजन, गीत आदि गुनगुनाते रहते। गाँव-जवार क्या पूरे जिले के सम्मानित व शिक्षित व्यक्तियों में उनका शुमार था। उनका कॉलेज उनके गाँव से लगभग 20-22 किमी दूर एक छोटे से शहर में था पर वे प्रतिदिन घर से मोटरसाइकिल द्वारा ही कॉलेज जाते थे और शाम को वापस लौट आते थे। कॉलेज में प्रधानाचार्य के रहने के लिए
एक छोटा परंतु बहुत ही व्यवस्थित आवास था पर खमेसरजी को बिना गाँव आए चैन ही नहीं मिलता और इसलिए उन्होंने उस आवास को किसी और अध्यापक को रहने के लिए दे दिया था।
खमेसरजी जबतक गाँव आकर गाँव के लोगों से मिल नहीं लेते, हालचाल नहीं पूछ लेते उन्हें चैन ही नहीं मिलता। कॉलेज से आते ही उन्हें गाँव में घूमकर कुछ लोगों को समझाते, खेती-बारी का हालचाल पूछते, न पढ़ने वाले बच्चों को डाँटते देखा जा सकता था। साथ ही रात होते ही उनके दरवाजे पर कुछ बच्चे अपनी किताब-कॉपी लेकर आ जाते और उनसे हिसाब आदि सीखते। खमेसरजी को भी अपने गँवई संसार में बने रहना, बहुत ही अच्छा लगता और वे बच्चों को प्रसन्न मन से पढ़ाते। इतना ही नहीं किसी की तबियत खराब होने पर अगर वह खरबिरउआ दवाई से काम चलाता तो खमेसरजी उसे डाँटते और तुरंत उसे जिला अस्पताल या किसी प्राइवेट अस्पताल पर जाने को कहते। साथ ही अगर वह बीमार आदमी कभी-कभी आलस कर जाता तो रविवार या छुट्टी के दिन खमेसरजी खुद उस बीमार को अपनी मोटरसाइकिल पर बिठाकर अस्पताल ले जाते और दवा कराते।
खमेसरजी लोगों से तो बराबर कहा करते कि हमें पूजा-पाठ करते रहना चाहिए, नकारात्मकता से बचना चाहिए। ईश्वर है और वह हम सबका ख्याल रखता है, वही परम पिता है पर साथ ही वे भूत-प्रेत-डाइन-चुड़ैल में एकदम विश्वास नहीं करते और कभी कोई बोल देता की फलाँ को भूत पकड़ा है तो गुस्सा करते कि भूत-उत कुछ नहीं होता, यह सब मन का वहम है और उस कथित भूत पकड़े हुए आदमी को ओझा-सोखा के पास न जाकर डॉक्टर के पास जाने की सलाह देते। उनको लगता कि गँवई लोग बेकार में भूत-प्रेत में उलझे हुए हैं, शायद इसका कारण यह है कि गाँव में शिक्षा की कमी है। इसलिए वे गाँव-जवार में शिक्षा पर बहुत जोर देते और कहा करते कि दुनिया कहाँ से कहाँ पहुंच रही है, हम चाँद पर पहुँच चुके हैं और आप लोगों की मानसिकता अभी भूत-प्रेतों में उलझी हुई है, हमें इससे बाहर आना ही होगा। गाँव-जवार के लोग उनका बहुत ही सम्मान करते इसलिए जब वे कहते कि भूत-प्रेत कुछ नहीं होता तो कुछ लोग उनकी हाँ में हाँ मिला देते या कह देते, ‘प्रिसिपल साहब, रउआँ ठीक कहतानी।’ पर खमेसरजी को भी लगता की अधिकांश लोग उनका मन रखने के लिए उनकी बात मान लेते हैं पर भूत-प्रेतों में पूरी तरह से विश्वास करते हैं। खमेसरजी के काका कवलेसजी तो बराबर खमेसरजी से कहते कि ज्ञानी होने, शिक्षित होने का मतलब यह कत्तई नहीं होता कि सत्य को झुठलाया जाए। अगर भगवान है तो भूत-प्रेत भी हैं और यह सत्य है कि भगवान है। जो जीवित है, वह जीवन है और जो अतीत हो गए हैं, वे ही भूत हैं पर हाँ कुछ भूतों का उद्धार हो जाता है और कुछ अतृप्त होकर भटकते रहते हैं तथा साथ ही जो दुष्ट स्वभाव के होते हैं वे जीवित लोगों को बहुत परेशान भी करते हैं। खमेसरजी अपने काका की बात तो सुन लेते पर कोई जवाब न देते हुए हँसकर रह जाते। जब खमेसरजी हँसते तो उनके काका कवलेसजी कहते कि आज तुम्हें मेरी बातों पर हँसी आ रही है पर एक न एक दिन तुम्हें भी भूतों का एहसास हो ही जाएगा। इसके साथ ही कभी-कभी खमेसरजी के काका कवलेसजी उन्हें अपने साथ घटी कोई भूतही घटना भी सुना देते।
एकबार अपने काका कवलेसजी की एक भूतही घटना को सुनकर खमेसरजी बहुत ही हँसे थे और फिर उनके काका ने उन्हें गुस्से में एक ऐसी जगह पर भेजा जहाँ उन्हें लगता था कि वहाँ कोई आत्मा, शक्ति रहती है। पहले मैं वह घटना सुना रहा हूँ जिसे सुनकर खमेसरजी खूब हँसे थे और फिर वह वृतांत बताऊँगा कि कवलेसजी ने खमेसरजी को कहाँ भेजा था और खमेसरजी के साथ क्या हुआ था, क्या खमेसरजी को भूत-प्रेत में विश्वास करना पड़ा? ‘कवलेसजी ने एकदिन खमेसरजी से कहा कि एकबार की बात है कि मैं और करिमन काका तरकुलवाँ से बाजार करके वापस घर आ रहे थे। काफी रात हो चुकी थी पर आकाश में चांद अपने यौवन पर प्रकाशित था और उसकी चाँदनी जमीन पर आकर पसरी हुई थी यानी भोजपुरी में कहूँ तो टहा-टह अँजोरिया (खूब ऊँजाला) उगी हुई थी। मैं (कवलेसजी) साइकिल चला रहा था और करिमन काका साइकिल के पीछे कैरियर पर बैठे हुए थे। साइकिल के हैंडल में 3-4 झोरे टंगे हुए थे, जिनमें तरकारी, दाल, किराना का समान मसाला आदि था। मैं उस चाँदनी रात में खुरहुरिया रास्ते से तेजी से साइकिल चलाते हुए घर की ओर बढ़ रहा था। जब मैं कंचनपुर और अपने गाँव के बीच बगीचे से होकर गुजरने की कगार पर था तभी अचानक पता नहीं क्या हुआ कि साइकिल से हम दोनों पूरी तरह से गिर पड़े और वहीं बगीचे के किनारे एक खेत में जो लगभग रास्ते से 10 मीटर दूर था और हाल ही में पटाया (पानी से भरा – सिंचाई किया हुआ) गया था, उसमें जा गिरे। साइकिल भी हम लोगों से 5-6 मीटर दूर चली गई। अच्छा हुआ कि खेत में पानी था जिसके कारण हम लोगों को चोट नहीं आई पर हम लोग पूरी तरह से गीली माटी से सराबोर हो गए थे। झोरे के सारे सामान गीली मिट्टी आदि में मिल चुके थे। मैं स्तब्ध था कि आखिर न कुछ फिसलन थी और न ही साइकिल पर मेरा नियंत्रण ही छूटा था फिर इतनी दूर कैसे पहुँच गए? खैर मैं उठा और करीमन काका को भी उठाया फिर साइकिल के पास आकर उसे खड़ी किया। इसके बाद वहीं नाली में जो थोड़ा-बहुत पानी था उसमें अपने आप को धोया। फिर मैं क्या देखता हूँ कि करिमन काका धीरे-धीरे मुस्कुरा रहे हैं और चुनौटी निकालकर सुर्ती (तंबाकू) बना रहे हैं। फिर मुझे अचंभा हुआ कि करिमन काका ने सुर्ती तो बनाया पर खाया नहीं और कुछ बुदबुदाते हुए सुर्ती वहीं गिरा (चढ़ा) दिया। फिर मेरा माथा ठनका और सारी बात मुझे समझ में आ गई। दरअसल हम लोगों के साइकिल पर से गिरने से पहले करिमन काका पीछे बैठकर मुझसे बात करते हुए ही चुनौटी निकालकर सुर्ती बनाए थे और बात ही बात में वे उस सुर्ती में से कुछ भाग चढ़ाए बिना ही खा गए थे और इसलिए उस बगीचे के एक भूत ने हम दोनों को साइकिल सहित ही उठाकर फेंक दिया था।’ जी हाँ अपने काका कवलेसजी की यही घटना सुनकर खमेसरजी खूब हँसे थे और बार-बार कह रहे थे कि आपको भूत-उत ने नहीं फेंका, चूँकि आपकी रफ्तार बहुत तेज थी और इसलिए अनकंट्रोल होकर साइकिल फिसल गई और आप लोग दूर खेतों में चले गए। खमेसरजी के इसी तर्क से कवलेसजी को गुस्सा आ गया था, क्योंकि उनका कहना था कि गिरते तो वहीं आस-पास में गिरना चाहिए था, हम लोग 10-12 मीटर दूर कैसे चले गए?

खैर अब आइए, वह वृतांत सुनाता हूँ जिसमें इस घटना पर खमेसरजी के हँसने पर उनके काका कवलेसजी ने उन्हें कहाँ भेजा था और उनके (खमेसरजी के) साथ क्या हुआ था? जब उपरोक्त घटना पर खमेसरजी हँसते ही चले जा रहे थे तो उनके काका कवलेसजी ने गुस्से में कहा कि अगर तुमको मेरी बात पर यकीन नहीं होता और तुम मानते हो कि भूत-प्रेत, अदृश्य शक्तियाँ नहीं होतीं, ये केवल मन के वहम हैं तो एक दिन रात में फलाँ (जिसकी जानकारी पहले से हो) पेड़ से कुछ पत्तियाँ तोड़कर ला दो। अपने काका कवलेसजी की चुनौती को स्वीकार करते हुए उसी रात लगभग 10 बजे, जब गाँव-घर में सभी लोग खा-पीकर निद्रा माँ की गोद में समा गए थे और कुत्तों ने भी अपने भौं-भौं पर लगाम लगाते हुए इधर-उधर, किसी की घारी (मड़ई) में तो किसी के भुसौले में तो कोई-कोई किसी के खाट के नीचे पनाह ले लिए थे तो खमेसरजी निकले। उनके हाथ में दुसेल्हिया (दो सेल वाली) बैटरी (टार्च) और एक लाठी थी। वे अंधेरे में धीरे-धीरे गाँव के बाहर निकले और पास की नहर को पार करते हुए एक छोटे से बगीचे में दाखिल हुए। यह बगीचा एक छोटी सी गढ़ही (तालाब) के किनारे था और इसमें मुश्किल से 8-10 पेड़ ही थे, पर आस-पास में बँसवारी (बाँसों का थान) भी थी। खमेसरजी निडर मन से आगे बढ़ें और बीच में एक जंगली पौधे से कुछ पत्ते तोड़ने ही वाले थे कि अचानक बगीचे में आँधी जैसा उठा और पेड़ों की डालियाँ आपस में टकराते हुए डरावनी आवाज करने लगीं। पर खमेसरजी तो एकदम ही निडर थे, और आगे बढ़े और लपककर उस पेड़ से कुछ पत्ते तोड़ लिए। अरे यह क्या पत्ते तोड़ते ही अचानक उस जंगली पेड़ पर एक लुकारा (प्रकाश) जैसा उठा और खमेसरजी की ओर बढ़ा। अब भी खमेसरजी निडर थे और पीछे की ओर हटकर गाँव की ओर की रास्ते की ओर चले, तभी वह लुकारा तेजी से उनकी तरफ आया और उनसे टकरा गया और वे वहीं गिर गए। अब तो खमेसरजी पूरी तरह से पसीने-पसीने हो गए थे क्योंकि वे ज्योंही उठने की कोशिश करते वह लुकारा उनसे टकरा जाता और वे गिर जाते। उस छोटे से बगीचे का माहौल पूरी तरह से डरावना हो गया था क्योंकि पेड़ों की डालियों की चरमराहट थमने का नाम ही नहीं ले रही थी और उस बगीचे में पनाह लेने वाले पक्षी भी चीं-चूँ शुरू कर दिए थे शायद वे भी भयभीत हो गए थे। अब तो खमेसरजी की बोलती जैसे बंद ही हो गई हो, पर फिर भी वे थोड़ी हिम्मत किए और वहीं जमीन पर पड़े ही पड़े मन ही मन हनुमान चालीसा का पाठ करने लगे। धीरे-धीरे डालियों की टकराहट थमती नजर आई और अचानक उनके सामने एक विशालकाय, जगमगाती शरीरवाली शक्ति प्रकट हो गई। उस शक्ति ने कहा कि आज तो तुम्हें हनुमानजी और तुम्हारे पूजा-पाठ ने बचा लिया पर ऐसी गुस्ताखी फिर मत करना। जी हाँ, वे नेटुआबीर बाबा थे, जो उस जंगली पेड़ पर रहते थे।
अचानक तभी खमेसरजी क्या देखते हैं कि उनके काका कवलेसजी भी वहाँ पहुँच चुके हैं और उन्हें उठने में मदद कर रहे हैं। पसीने से पूरे भीगे हुए खमेसरजी ने पूछा कि काका आप कब आए तो कवलेसजी ने कहा कि तूँ घर से ज्यों निकला चुपके से मैं भी पीछे हो लिया था कि तुम्हारे साथ कोई अनहोनी न घट जाए, कुछ बुरा न हो जाए। फिर कवलेसजी ने अनुनय-विनय के रूप से हाथ जोड़कर नेटुआबीर बाबा को प्रणाम किया और खमेसरजी का हाथ पकड़कर बैटरी दिखाते हुए घर की ओर चले। घर आने के बाद भी 2-3 दिन तक खमेसरजी की तबियत अच्छी नहीं थी, कभी-कभी वे अक-बक बोलने लगते थे और बुखार से उनकी शरीर तपने लगती थी। एक दिन सुबह-सुबह कवलेसजी ने नेटुआबीर बाबा के थान पर आकर जेवनार (खीर) चढ़ाया और अपने भाँजे की गलती के लिए क्षमा माँगी। यह कहानी तो यहीं समाप्त होती है पर अगली कहानी में बताऊँगा कि नेटुआबीर बाबा कौन थे, वे प्रेत योनि में कैसे आए और साथ ही उनसे जुड़ी कुछ और घटनाएँ जो मैंने अपने गाँव वालों से सुन रखी है।

जय बजरंग बली। जय-जय नेटुआबीर बाबा।